Chhindwara fire accident: छिंदवाड़ा NICU में आग लगने से 3 नवजात झुलसे, जानिए उस रात अस्पताल में क्या हुआ ?
Chhindwara fire accident: छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के NICU में शॉर्ट सर्किट से आग लगने पर तीन नवजात प्रभावित हुए। जबलपुर रेफर करते समय एक बच्ची की रास्ते में मौत हो गई।
Chhindwara fire accident: छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के चिकित्सा इकाई (NICU) में शुक्रवार देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। इस हादसे की चपेट में तीन नवजात बच्चे आ गए। तीनों की उम्र 6 से 12 दिन के बीच बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें शनिवार सुबह करीब 5 बजे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जबलपुर ले जाते समय एक नवजात बच्ची की रास्ते में मौत हो गई।
मृत बच्ची के पिता आदित्य वर्मा किशनपुर चांद के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि प्रसव के लिए उनकी पत्नी को तीन दिन पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे उनकी पत्नी ने बच्ची को जन्म दिया था। जन्म के बाद इंफेक्शन के चलते बच्ची को NICU में भर्ती किया गया था।
एक ही डोली में थे तीनों बच्चे
डॉक्टर के मुताबिक, NICU में एक प्लग में शॉर्ट सर्किट हुआ था। इसके बाद उस डोली में आग लग गई, जिसमें तीनों नवजात बच्चे मौजूद थे। आग धीरे-धीरे डोली में लगे प्लास्टिक और कपड़ों तक पहुंच गई और तीनों बच्चे इसकी चपेट में आ गए। डॉक्टर ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि तीनों बच्चे कितने प्रतिशत झुलसे है। साथ ही उनका कहना है कि बच्चों को सर्जरी की जरूरी भी पड़ सकती है। फिलहाल जिला अस्पताल में पीडियाट्रिक सर्जन उपलब्ध नहीं होने के कारण तीनों बच्चों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
स्टाफ ने अग्निशामक यंत्र से बुझाई आग
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, आग लगते ही NICU में मौजूद स्टाफ ने अग्निशामक यंत्र की मदद से आग बुझाने की कोशिश की। इसके बाद बच्चों को डोली से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया। बता दें हादसे के समय NICU में 20 से ज्यादा नवजात बच्चे और तीन स्टाफ सदस्य मौजूद थे।
राहत की बात यह है कि आग केवल एक यूनिट तक सीमित रही और अस्पताल के उसी हिस्से को नुकसान पहुंचा। मौके पर मौजूद परिजनों ने भी शॉर्ट सर्किट के बाद आग लगने की बात कही है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और जांच शुरू कर दी। अस्पताल प्रबंधन भी NICU में आग लगने के कारणों के साथ सुरक्षा इंतजामों की जांच कर रहा है।

