Jan Vishwas Abhiyan 2026 : मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की शुरुआत 7 अगस्त से, CM करेंगे छिंदवाड़ा में करेंगे जनता से संवाद
Jan Vishwas Abhiyan 2026 : अभियान का शुभारंभ 7 अगस्त को छिंदवाड़ा जिले से होगा। मुख्यमंत्री पहली बार जिला स्तरीय ‘समाधान कार्यक्रम’ में शामिल होंगे।
Jan Vishwas Abhiyan 2026 : भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026’ की शुरुआत करने जा रही है। इस अभियान का शुभारंभ 7 अगस्त को छिंदवाड़ा जिले से होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहली बार जिला स्तरीय ‘समाधान कार्यक्रम’ में शामिल होंगे। इस दौरान वे मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज चयनित शिकायतों के आवेदकों से सीधे बातचीत करेंगे और उनके मामलों की जानकारी लेंगे। सरकार का उद्देश्य शिकायतों के त्वरित समाधान के साथ प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत करना और लोगों का भरोसा बढ़ाना है।
चयनित शिकायतकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद
लोक सेवा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने इस संबंध में छिंदवाड़ा कलेक्टर को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों के अनुसार, जिले के विभिन्न विभागों से जुड़ी 20 से 25 शिकायतों का चयन किया जाएगा।
इन शिकायतों का परीक्षण कर उनका निराकरण 5 अगस्त तक मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज करना होगा। इसके बाद चयनित शिकायतकर्ताओं को कार्यक्रम में बुलाया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री उनसे आमने-सामने चर्चा करेंगे और संबंधित मामलों की जानकारी प्राप्त करेंगे।
अधिकारियों की मौजूदगी में होगी शिकायतों की समीक्षा
समाधान कार्यक्रम के दौरान केवल शिकायतकर्ता ही नहीं, बल्कि संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री के सामने ही अधिकारी अपने विभाग से जुड़ी शिकायतों की स्थिति स्पष्ट करेंगे और समाधान की जानकारी देंगे।
पूरी प्रक्रिया मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से संचालित की जाएगी। सरकार का मानना है कि इससे शिकायतों के निपटारे में पारदर्शिता आएगी और अधिकारियों की जवाबदेही भी बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री के दौरे में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तावित
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री मोहन यादव के छिंदवाड़ा दौरे के दौरान जिला स्तरीय समीक्षा बैठक भी आयोजित की जाएगी। इसके अलावा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम का भी प्रस्ताव है।
इस बैठक में जिले के विकास कार्यों, निवेश की संभावनाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जा सकती है। प्रशासन को कार्यक्रम की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
कैबिनेट के फैसले के बाद शुरू हो रहा अभियान
हाल ही में हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026’ शुरू करने का निर्णय लिया गया था। इस अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार मुख्यमंत्री, मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी अलग-अलग जिलों का दौरा करेंगे।
वहां सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी, अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी और नागरिकों की शिकायतों के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सरकार का कहना है कि इस पहल से प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद बढ़ेगा तथा सुशासन को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।