शर्मनाक घटना! 70 लाख के लिए गर्भवती पत्नी का मर्डर, 4 साल पहले की लव मैरिज
एमपी के जबलपुर स्थित पाटन में गर्भवती महिला कविता चौधरी की मौत के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है।
Jabalpur Murder Case: जबलपुर जिले के पाटन में गर्भवती महिला की मौत के मामले में पुलिस ने 28 दिन बाद बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, जिस घटना को शुरुआत में सड़क हादसा माना जा रहा था, वह कथित तौर पर सुनियोजित हत्या थी। आरोप है कि महिला के पति ने करीब 70 लाख रुपए की बीमा राशि हासिल करने के लिए 5 लाख रुपए की सुपारी देकर उसकी हत्या की साजिश रची। पुलिस ने मामले में तीन कथित सुपारी किलर को गिरफ्तार किया है, जबकि पति और उसका एक साथी अभी फरार हैं।
दो महीने पहले से कर रहा था हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार, 27 वर्षीय प्रयास पांडे ने 2022 में 31 वर्षीय कविता चौधरी से प्रेम विवाह किया था। दोनों की शादी अलग समाज में होने के कारण परिवार की नाराजगी और घरेलू विवाद की बात सामने आई है। पुलिस जांच में दावा किया गया है कि इसी बीच प्रयास की नजर कविता के नाम दर्ज करीब 70 लाख रुपए की एलआईसी पॉलिसी पर पड़ी। आरोप है कि बीमा की रकम हासिल करने के लिए प्रयास ने करीब दो महीने पहले पत्नी की हत्या की योजना बनानी शुरू कर दी थी।
5 लाख में तय हुई सुपारी
पुलिस के मुताबिक, प्रयास ने पहले पाटन की शराब दुकान के पास दो युवकों से पत्नी की हत्या के लिए संपर्क किया और उन्हें रकम का ऑफर दिया, लेकिन दोनों ने इनकार कर दिया। इसके बाद दोस्त मान सिंह के जरिए चौधरी मोहल्ले के धनीराम, रामजी और विक्रम अहिरवार से संपर्क हुआ। आरोप है कि तीनों के साथ 5 लाख रुपए में सौदा तय हुआ। प्रयास ने एक लाख रुपए एडवांस भी दिए। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को सीधे वारदात से दूर रखने के लिए फोन कॉल और सीसीटीवी में आने से बचने की कोशिश की।
तीन-चार बार घटनास्थल पर जाकर बनाई योजना
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने वारदात को सड़क हादसा दिखाने के लिए घटनास्थल की पहले से रेकी की थी। बताया गया कि आरोपियों ने तीन-चार बार मौके पर जाकर पूरे घटनाक्रम को दोहराकर योजना तैयार की। इसके लिए 20 हजार रुपए में एक पिकअप वाहन भी 11 महीने के एग्रीमेंट पर किराए पर लिया गया था।
फोन पर पत्नी की लोकेशन साथियों को देता रहा पति
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर की रात प्रयास कविता के संपर्क में था। वह फोन पर उसकी लोकेशन अपने साथियों तक पहुंचा रहा था। रात करीब 9 बजे कविता एक्टिवा से रानीताल पुलिया के पास पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान विक्रम ने पिकअप से एक्टिवा को पीछे से टक्कर मारी। कविता के सड़क पर गिरने के बाद पिकअप को उसके ऊपर चढ़ा दिया गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद पति ने हादसे का जताया दुख
वारदात के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर पिकअप को नहर में धोकर वापस कर दिया। पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रयास भी मौके पर पहुंचा और परिजनों और पुलिस के सामने कविता के शव से लिपटकर रोया। शुरुआत में पुलिस ने मामले को सड़क हादसा मानकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ जांच शुरू की थी।
मुखबिर की सूचना से बदली जांच की दिशा
पुलिस को बाद में एक मुखबिर से जानकारी मिली कि प्रयास ने कुछ दिन पहले शराब दुकान के पास पत्नी की हत्या की बात कही थी। इसके बाद पुलिस का शक उस पर गहराया। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में कथित तौर पर हत्या की साजिश, सुपारी और पिकअप वाहन से जुड़ी जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, पति की तलाश जारी
पाटन थाना पुलिस ने मामले में धनीराम, रामजी और विक्रम अहिरवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले का कथित मास्टरमाइंड प्रयास पांडे और उसका साथी मान सिंह अभी फरार हैं।








