जबलपुर: रेस्टोरेंट में बाथरूम के पानी से बन रहा था खाना, खाद्य विभाग ने किया सील; लाइसेंस निलंबित, रेलवे में होता था सप्लाई
जबलपुर के साउथ सिविल लाइन स्थित सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट में खाद्य विभाग की जांच के दौरान बाथरूम के पानी से खाना बनाने और सब्जियां धोने की बात सामने आई। यहां से रेलवे में खाने के पैकेट सप्लाई होते थे। प्रशासन ने लाइसेंस निलंबित कर रेस्टोरेंट सील किया और खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए।


Jabalpur Restaurant Sealed: जिस किचन में लोगों के खाने के लिए भोजन तैयार किया जा रहा था, वहां सफाई की जगह गंदगी मिली। सब्जियां धोने और खाना बनाने में बाथरूम के पानी का इस्तेमाल हो रहा था। मामला जबलपुर के साउथ सिविल लाइन स्थित सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट का है। गुरुवार रात खाद्य सुरक्षा और राजस्व विभाग की टीम ने यहां जांच की तो चौंकाने वाली स्थिति सामने आई। रेस्टोरेंट में तैयार खाने के पैकेट रेलवे में भी सप्लाई किए जाते थे। कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित कर उसे सील कर दिया।
शिकायत पर पहुंची प्रशासनिक टीम
दीपावली से पहले मिलावट और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए जिला प्रशासन की टीम ने गुरुवार रात करीब 9 बजे आकस्मिक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने साउथ सिविल लाइन, ग्वारीघाट और रामपुर स्थित तीन खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के मुताबिक, सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट को लेकर गंदे पानी के इस्तेमाल की शिकायत मिली थी। इसी आधार पर टीम ने सबसे पहले किचन की जांच की। यहां बाथरूम के पानी से सब्जियां धोने और खाना तैयार करने की बात सामने आई। किचन में भी साफ-सफाई की स्थिति ठीक नहीं मिली।
रेलवे में भी सप्लाई होते थे खाने के पैकेट
जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि रेस्टोरेंट के इसी किचन में भोजन के पैकेट तैयार किए जाते थे, जिनकी सप्लाई रेलवे में होती थी। ऐसे में यहां तैयार होने वाले खाने की स्वच्छता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा नियमों और लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन को देखते हुए रेस्टोरेंट का FSSAI लाइसेंस निलंबित कर दिया। साथ ही प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया।
पनीर, दाल और चावल के सैंपल लिए
कार्रवाई के दौरान टीम ने रेस्टोरेंट से पनीर, दाल और चावल के नमूने लिए हैं। इनकी जांच से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के बारे में जानकारी मिलेगी। नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
दो मिठाई दुकानों की भी हुई जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ग्वारीघाट स्थित न्यू केशरवानी स्वीट्स से नारियल बर्फी और मगज के लड्डू के नमूने लिए। वहीं, रामपुर की मधु कलश स्वीट्स से आटे के लड्डू और पेड़े के सैंपल जुटाए गए। तीनों प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने जांच के लिए भोपाल स्थित राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों पर निगरानी
दीपावली के दौरान मिठाइयों और तैयार भोजन की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच के लिए अभियान तेज किया है। अधिकारियों के मुताबिक, मिलावट और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



.jpg&w=3840&q=75)
.jpg&w=3840&q=75)
