ट्रंप को मारने का आया ख्याल तो पहुंच गया व्हाइट हाउस! हथियारों के साथ वेनेजुएलाई युवक गिरफ्तार
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन DC में व्हाइट हाउस के पास एक वेनेजुएलाई युवक को तीन हथियारों और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया गया। DHS के मुताबिक, पूछताछ में युवक ने कथित तौर पर ट्रंप को मारने की बात कही।

Venezuelan Man Arrested: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन DC में व्हाइट हाउस के पास एक वेनेजुएलाई युवक को गिरफ्तार किया गया है। युवक जिस कार में मौजूद था, उसकी तलाशी लेने पर तीन हथियार और बड़ी संख्या में कारतूस मिले। अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) के मुताबिक, पूछताछ के दौरान युवक ने कथित तौर पर कहा कि उसके दिमाग में आवाजें आती हैं, जो उसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मारने के लिए कहती हैं।
अमेरिका में अवैध रूप से रह रहा था युवक
गिरफ्तार युवक की पहचान 30 वर्षीय रोनी योरड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस के रूप में हुई है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, वह अमेरिका में अवैध रूप से रह रहा था। सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने गुरुवार रात उसे व्हाइट हाउस के नजदीक कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू पर एक कार में संदिग्ध हालत में देखा था। जांच में पता चला कि कार चोरी की थी। इसके बाद युवक को हिरासत में ले लिया गया।
आधी रात के करीब कार में मिला युवक
अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अधिकारी गुरुवार रात करीब 11:42 बजे व्हाइट हाउस के आसपास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे खड़ी नीले रंग की फोर्ड एफ-150 कार पर पड़ी। कार के अंदर युवक अकेला सो रहा था।
अधिकारियों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। वे यह पता लगाने के लिए उसके पास पहुंचे कि वह सुरक्षित है या नहीं। युवक अंग्रेजी नहीं बोल पा रहा था, इसलिए बातचीत के लिए गूगल ट्रांसलेट की मदद ली गई।
इसी दौरान युवक ने अधिकारियों को बताया कि उसके पास हथियार हैं। उसने दावा किया कि कुछ लोगों ने उसे मारने की कोशिश की थी और उसने उनसे एक हथियार छीन लिया था। इसके बाद अधिकारियों ने कार की तलाशी ली।
कार से मिले तीन हथियार और कारतूस
जांच के दौरान अधिकारियों को कार से तीन हथियार और कई कारतूस मिले। इनमें एक राइफल और दो पिस्तौल शामिल थीं। पुलिस के मुताबिक, कार पहले से चोरी की रिपोर्ट में दर्ज थी।
युवक ने अधिकारियों को यह भी बताया कि उसने करीब एक महीने पहले कुछ हथियार खरीदे थे। वह चोरी की कार में रह रहा था और अपने पास मौजूद हथियार सरकार को सौंपना चाहता था।
ट्रंप को मारने की बात कही
अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) के मुताबिक, पूछताछ के दौरान क्रिनोस ने कथित तौर पर बताया कि उसके सिर में आवाजें सुनाई देती हैं, जो उसे वॉशिंगटन जाकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मारने के लिए कहती हैं।
हालांकि, इस कथित बयान का उल्लेख अदालत में दाखिल पुलिस अधिकारी के हलफनामे में नहीं किया गया है। यह जानकारी DHS के बयान के आधार पर सामने आई है।
युवक पर कई आरोप
क्रिनोस के खिलाफ हथियारों को गैरकानूनी तरीके से रखने और ले जाने, बिना लाइसेंस पिस्तौल रखने, चोरी की गाड़ी इस्तेमाल करने और चोरी की संपत्ति अपने पास रखने समेत कई आरोप लगाए गए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी मार्च 2024 में टेक्सास के रास्ते अमेरिका में दाखिल हुआ था। गिरफ्तारी के बाद उसे अमेरिकी मार्शल्स सर्विस की हिरासत में रखा गया है। शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया गया।
ट्रंप पर पहले भी हो चुके हैं हमले
डोनाल्ड ट्रंप पहले भी कई सुरक्षा घटनाओं और जानलेवा हमलों का सामना कर चुके हैं।
13 जुलाई 2024, पेंसिल्वेनिया: बटलर में चुनावी रैली के दौरान ट्रंप पर गोली चलाई गई थी। इस घटना में ट्रंप घायल हुए थे और एक दर्शक की मौत हुई थी। हमलावर थॉमस मैथ्यू क्रुक्स को सुरक्षाकर्मियों ने मार गिराया था।
15 सितंबर 2024, फ्लोरिडा: वेस्ट पाम बीच स्थित ट्रंप इंटरनेशनल गोल्फ क्लब के पास एक संदिग्ध हथियारबंद व्यक्ति मिला था। इस मामले में रयान वेस्ले राउथ को गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों ने इसे ट्रंप पर हमले की कथित साजिश से जोड़ा था।
25 अप्रैल 2026, वॉशिंगटन DC: व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान वॉशिंगटन हिल्टन होटल में गोलीबारी हुई थी। घटना के समय ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। सुरक्षा एजेंसियों ने ट्रंप को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया था। इस मामले में कोल टॉमस एलन को गिरफ्तार किया गया और उस पर राष्ट्रपति की हत्या के प्रयास का आरोप लगाया गया।





.avif&w=3840&q=75)







