जबलपुर में नाबालिगों की गुंडागर्दी, छात्र पर चाकू-बेल्ट से किया हमला; हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा पीड़ित
जबलपुर के तिलवारा में पुराने विवाद पर 6-7 नाबालिगों ने छात्र को घेरकर चाकू और बेल्ट से पीटा।

Jabalpur News: जबलपुर के तिलवारा थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर नाबालिगों के एक समूह ने छात्र के साथ मारपीट कर उस पर चाकू और बेल्ट से हमला कर दिया। गुरुवार रात संग्राम सागर पार्क के पास हुई इस घटना में छात्र के दोनों पैरों और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के दौरान आरोपियों ने मारपीट का वीडियो भी बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में छात्र हाथ जोड़कर माफी मांगता और मदद की गुहार लगाता नजर आ रहा है। इसके बावजूद हमलावरों ने उसके साथ मारपीट जारी रखी।
पार्क के पास छात्र को घेरकर किया हमला
धनवंतरी नगर निवासी घायल छात्र ने पुलिस को बताया कि गुरुवार रात करीब 11 बजे वह संग्राम सागर पार्क के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान तिलवारा क्षेत्र में रहने वाले 6 से 7 लड़कों ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि पुराने विवाद को लेकर लड़कों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसे घेरकर चाकू और बेल्ट से हमला किया। अचानक हुए हमले से छात्र खुद को बचाने की कोशिश करता रहा और आरोपियों से माफी भी मांगता रहा।
हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
पीड़ित के मुताबिक, हमलावर नशे की हालत में थे। उन्होंने मारपीट के दौरान घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया। चाकू से हुए हमले में छात्र के दोनों पैरों और कमर में चोटें आई हैं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
आरोपियों की तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलने के बाद तिलवारा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल छात्र के बयान दर्ज किए। छात्र को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।






