बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, यूनुस के पुश्तैनी घर में लगाई आग; ढाका में बम धमाके, 565 गिरफ्तार
पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रतिबंधित पार्टी अवामी लीग के देशव्यापी लॉकडाउन के आह्वान से पहले बांग्लादेश में तनाव बढ़ गया है। राजधानी ढाका समेत कई इलाकों में देसी बम धमाकों, वाहनों में आगजनी और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच झड़पों की खबरें सामने आई हैं।


Bangladesh Protest: बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के देशव्यापी लॉकडाउन के आह्वान के बीच गुरुवार (19 नवंबर) को राजधानी ढाका समेत कई इलाकों में बम धमाकों, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर को भी आग के हवाले कर दिया गया। ढाका में हुए धमाकों में कम से कम चार लोगों के घायल होने की खबर है।
पिछले कुछ दिनों से जारी हिंसा के बीच पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, ढाका पुलिस ने 24 घंटे के विशेष अभियान में 565 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें पूर्व शिक्षा मंत्री नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। उन्हें बुधवार देर रात उनके आवास से हिरासत में लिया गया।
यूनुस के पुश्तैनी घर में आग, परिवार के सदस्य सुरक्षित
चटगांव के पंचलाइश इलाके में बुधवार देर रात मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर में आग लगाई गई। पुलिस के मुताबिक, घर के भूतल पर बने एक ऐसे कमरे में आग लगी, जिसका लंबे समय से इस्तेमाल नहीं हो रहा था। पुलिस गश्ती दल ने आग देखी और उसे बुझाया। घर की ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले यूनुस के परिवार के सदस्य सुरक्षित हैं।
इससे पहले यूनुस की ओर से स्थापित ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं और कार्यालयों को भी निशाना बनाया गया। बैंक के मुताबिक, 10 नवंबर से अब तक उसकी कम से कम 37 शाखाओं और कार्यालयों में आगजनी या आग लगाने की कोशिश की घटनाएं हुई हैं। इनमें से 14 घटनाएं मंगलवार आधी रात के बाद सामने आईं।
अवामी लीग के लॉकडाउन के बीच 28 जिलों में हिंसा
पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग ने गुरुवार को देशव्यापी लॉकडाउन का आह्वान किया था। पार्टी ने यह फैसला सरकार के साथ जारी राजनीतिक टकराव और हसीना की वापसी के लिए यात्रा दस्तावेज जारी नहीं किए जाने के विरोध में लिया।
पुलिस और मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पिछले करीब 10 दिनों में देश के कम से कम 28 जिलों में कच्चे बम धमाकों और वाहनों में आग लगाने की घटनाएं हुई हैं। ढाका में गुरुवार तड़के कई जगहों पर धमाकों की आवाजें सुनी गईं। इसके अलावा अलग-अलग इलाकों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं।
BNP नेताओं और समर्थकों को भी बनाया गया निशाना
हिंसा के दौरान प्रधानमंत्री तारीक रहमान की पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) से जुड़े लोगों और संपत्तियों पर भी हमले हुए हैं। रॉयटर्स के मुताबिक, बुधवार रात से अब तक BNP के दो सदस्यों की मौत की खबर है। पार्टी के दो सांसदों के घरों में तोड़फोड़ और आगजनी की गई। कुछ दुकानों, वाहनों और सार्वजनिक संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचाया गया।
पिरोजपुर जिले में दो बसों में आग लगाए जाने के बाद एक बस कर्मचारी की मौत की खबर भी सामने आई। वहीं, गोपालगंज और आसपास के इलाकों में राजनीतिक समर्थकों के बीच तनाव बना हुआ है। इन घटनाओं के लिए अलग-अलग पक्षों की ओर से आरोप लगाए जा रहे हैं, हालांकि सभी हमलों के पीछे की जिम्मेदारी अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
सात जिलों में बॉर्डर गार्ड की तैनाती
हिंसा को रोकने के लिए ढाका के प्रमुख इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर वाहनों की जांच की जा रही है। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की गश्त बढ़ाई गई है।
इसके अलावा बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड (BGB) की 97 टुकड़ियों को सात जिलों में तैनात किया गया है। इनमें गोपालगंज और फरीदपुर जैसे इलाके भी शामिल हैं, जहां अवामी लीग का प्रभाव माना जाता है।
गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कहा है कि हिंसा और आगजनी में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने आरोप लगाया है कि विदेश में मौजूद अवामी लीग के कुछ नेता समर्थकों को हिंसा के लिए उकसा रहे हैं। हालांकि, अवामी लीग की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
शेख हसीना की भारत से वापसी को लेकर बढ़ा तनाव
शेख हसीना अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सत्ता से हटने पर बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। वह तब से भारत में रह रही हैं। हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की योजना जाहिर की है। इसके लिए उन्होंने नए पासपोर्ट और पहचान संबंधी दस्तावेजों की मांग की थी, जिसे बांग्लादेश सरकार ने स्वीकार नहीं किया।
हसीना की वापसी की मांग और उनकी पार्टी के विरोध प्रदर्शनों ने दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ा दिया है। बांग्लादेश सरकार भारत से हसीना के प्रत्यर्पण की मांग भी कर चुकी है।
मौत की सजा के फैसले की बरसी पर अवामी लीग का प्रदर्शन
17 नवंबर 2025 को बांग्लादेश के विशेष न्यायाधिकरण ने शेख हसीना को 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई थी। गुरुवार का लॉकडाउन इसी फैसले की पहली बरसी के आसपास अवामी लीग के विरोध कार्यक्रमों का हिस्सा था।
हसीना की पार्टी पर बांग्लादेश में प्रतिबंध लगा हुआ है। उनके समर्थक सरकार के फैसलों का विरोध कर रहे हैं, जबकि मौजूदा सरकार का आरोप है कि पार्टी के कुछ नेता देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
1971 के मुक्ति संग्राम से जुड़े स्मारक भी पहले बन चुके हैं निशाना
बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के दौरान ऐतिहासिक इमारतों और स्मारकों पर हमलों की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। शेख हसीना के पिता और बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान के ढाका स्थित धनमंडी आवास को भी पहले आगजनी और तोड़फोड़ का सामना करना पड़ा था। 1971 के मुक्ति संग्राम से जुड़े कुछ स्मारकों को भी निशाना बनाया गया था।
फिलहाल देश के कई हिस्सों में तनाव बना हुआ है। पुलिस और सीमा सुरक्षा बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। सरकार ने हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया है, जबकि राजनीतिक टकराव के बीच हालात सामान्य होने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।










