सिंधु जल संधि पर भारत को धमकी देने वाले पाक मंत्री दिल्ली में, SCO कार्यक्रम में होंगे शामिल
सिंधु जल संधि पर विवादित बयान देने वाले पाक मंत्री मुसादिक मलिक दिल्ली पहुंचे। वह SCO सभ्यतागत संवाद मंच में हिस्सा लेंगे।

पाकिस्तान के मंत्री डॉ. मुसादिक मलिक भारत पहुंच गए हैं। सिंधु जल संधि को लेकर भारत के खिलाफ विवादित बयान देने वाले मलिक 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में होने वाले SCO सभ्यतागत संवाद मंच में हिस्सा लेंगे। मई 2023 के बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री का यह पहला भारत दौरा है। एयरपोर्ट पर पाकिस्तान के प्रभारी राजनयिक साद वाराइच ने उनका स्वागत किया।
पानी को लेकर दिया था विवादित बयान
पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मलिक ने सिंधु जल संधि के मुद्दे पर भारत को धमकी दी थी। उन्होंने कहा था कि जो पाकिस्तान के पानी को हाथ लगाएगा, उसके हाथ काट दिए जाएंगे। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने संधि को स्थगित करने का फैसला किया था। इस घटनाक्रम के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा।
बिलावल भुट्टो के बाद पहली बार आया पाकिस्तानी मंत्री
मई 2023 में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी गोवा में SCO की बैठक में शामिल हुए थे। उसके बाद अब मुसादिक मलिक भारत आए हैं। पुलवामा और पहलगाम आतंकी हमलों के बाद दोनों देशों के रिश्तों में खिंचाव बना हुआ है।
पुराना किला में प्रधानमंत्री मोदी करेंगे उद्घाटन
SCO सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन शुक्रवार को दिल्ली के पुराना किला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। वह कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे। इस अवसर पर 'सिविलाइजेशन्स इन कन्वर्सेशन' नाम का सांस्कृतिक आयोजन होगा, जिसमें संगीत, नृत्य और कहानी सुनाने की परंपराओं के माध्यम से अलग-अलग सभ्यताओं को दर्शाया जाएगा।
प्रदर्शनी में दिखेगा दिल्ली का प्राचीन इतिहास
कार्यक्रम स्थल पर 'अस्तित्व- द एसेंस ऑफ अवर एग्जिस्टेंस' प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी के बीच के पुरातात्विक साक्ष्यों के जरिए दिल्ली के इतिहास को सामने रखा जाएगा।
सभ्यताओं के संवाद पर चार सत्र
21 और 22 नवंबर को आयोजित होने वाले चार सत्रों में विद्वान और विशेषज्ञ संगीत, कपड़ों की परंपराओं, खानपान और पारंपरिक खेलों पर चर्चा करेंगे। विदेश मंत्रालय ने SCO के सभी सदस्य देशों को आमंत्रित किया है। सदस्य देशों में भारत, चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, ईरान, उज्बेकिस्तान, पाकिस्तान और बेलारूस शामिल हैं।
पाकिस्तान ने भी भेजा प्रतिनिधि
पाकिस्तान ने कहा है कि वह आपसी सम्मान के आधार पर सभ्यताओं के बीच बातचीत के लिए प्रतिबद्ध है। भारत की ओर से आतंकवाद के मुद्दे पर अपना रुख पहले ही स्पष्ट किया जा चुका है।









