मंडला: नैनपुर में घर के बाहर लगे थ्री फेस मीटर में लगी आग, लोगों ने पाया काबू, परिवार सुरक्षित
मंडला के नैनपुर में रात 12:45 बजे घर के बाहर लगे थ्री फेस बिजली मीटर में आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।

Mandla News: मंडला जिले के नैनपुर में गुरुवार देर रात बिजली के थ्री फेस मीटर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना वार्ड नंबर-4 स्थित सुभाष पथ की है। आग से बिजली का मीटर पूरी तरह जल गया, हालांकि घर के अंदर सो रहे परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।
लोगों ने रेत डालकर बुझाई आग
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12:45 बजे घर के बाहर लगे बिजली मीटर में आग लग गई। उस समय परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। मीटर से उठती आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और रेत डालकर आग बुझाई। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर रितेश बनवारी ने बताया कि संबंधित बिजली कनेक्शन राजेश जायसवाल के नाम पर है। परिसर में तेल पिराई की चक्की संचालित होती है।
उन्होंने बताया कि रात करीब 12:45 बजे मीटर में आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। आग से मीटर पूरी तरह जल गया है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।



