MP News: 32 IAS अफसरों के तबादले, कई जिलों के CEO भी बदले; यहां देखें पूरी लिस्ट
MP News: मध्य प्रदेश सरकार ने 32 IAS अधिकारियों की नई पदस्थापना की है। तबादला सूची में जिला पंचायत CEO, नगर निगम आयुक्त, अपर कलेक्टर और SDM स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
MP News: मध्य प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 32 IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में कई जिलों के जिला पंचायत CEO, नगर निगम आयुक्त, अपर कलेक्टर और अनुविभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। नई पदस्थापना के तहत कई अधिकारियों को मंत्रालय में उप सचिव के पद पर भी जिम्मेदारी दी गई है। वहीं कुछ अधिकारियों को नगरीय प्रशासन और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर भेजा गया है।
अभिषेक चौधरी बने Gwalior नगर निगम आयुक्त
तबादला सूची में अभिषेक चौधरी को जिला पंचायत धार के CEO पद से हटाकर ग्वालियर नगर निगम का आयुक्त बनाया गया है। वहीं, ग्वालियर नगर निगम से संघ प्रिय को जिला पंचायत सिंगरौली का CEO बनाया गया है। इसके अलावा डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा को जिला पंचायत खंडवा के CEO पद से हटाकर नगर निगम सतना का आयुक्त बनाया गया है। उन्हें स्मार्ट सिटी सतना के CEO का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
कई जिला पंचायत CEO की बदली जिम्मेदारी
साथ ही प्रशासनिक फेरबदल में जिला पंचायतों के CEO स्तर पर भी बड़े बदलाव किए गए हैं। जगदीश कुमार गोमे को जिला पंचायत सिंगरौली से जिला पंचायत सागर का CEO बनाया गया है। नवीत कुमार धुर्वे को जिला पंचायत टीकमगढ़ से जिला पंचायत देवास का CEO बनाया गया है। वहीं कार्तिकेय जायसवाल को वारासिवनी, बालाघाट के एसडीओ पद से जिला पंचायत श्योपुर का CEO बनाया गया है। विशाल धाकड़ को कुक्षी, धार के एसडीओ पद से जिला पंचायत टीकमगढ़ का CEO बनाया गया है।
इन अधिकारियों को मंत्रालय में मिली जिम्मेदारी
तबादला सूची में कई अधिकारियों को मंत्रालय में उप सचिव की जिम्मेदारी भी दी गई है। संजना जैन, जो मैहर में अपर कलेक्टर थीं, उन्हें जल संसाधन विभाग में उप सचिव बनाया गया है। ज्योति शर्मा को जिला पंचायत देवास से मध्य प्रदेश शासन में उप सचिव पद पर भेजा गया है। अंजली जोसेफ जोनाथन को जिला पंचायत हरदा से लोक निर्माण विभाग में उप सचिव बनाया गया है। वहीं सोनाली देव को बिछिया, मंडला के SDO पद से मध्य प्रदेश शासन में उप सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
विवेक के.वी. को जबलपुर विकास प्राधिकरण का CEO बनाया
विवेक के.वी. को जिला पंचायत सागर के CEO पद से हटाकर जबलपुर विकास प्राधिकरण का CEO बनाया गया है। वहीं सौम्या आनंद को जिला पंचायत श्योपुर से जिला पंचायत सीधी का CEO बनाया गया है। ऐश्वर्य वर्मा को शहपुरा, डिंडौरी के SDO पद से जिला पंचायत खंडवा का CEO बनाया गया है। आशीष को सेंधवा, बड़वानी के SDO पद से नगर निगम इंदौर में अपर आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।
SDO स्तर पर भी बड़ा फेरबदल
तबादला सूची में कई सहायक कलेक्टर और SDO की पदस्थापना भी बदली गई है। अर्पित गुप्ता को बैहर, बालाघाट के SDO पद से जिला पंचायत बड़वानी का CEO बनाया गया है। तनुश्री मीणा को पेटलावद, झाबुआ से जिला पंचायत बालाघाट का CEO बनाया गया है। वहीं श्रद्धा शुक्ला को खंडवा में अपर कलेक्टर बनाया गया है।
इसके अलावा आशीष कुमार को बीना का SDO, अनिकेत शांडिल्य को बैहर, बालाघाट का SDO और आकाश अग्रवाल को मझौली, सीधी का SDO बनाया गया है। पाटिल आशीष अशोक को कुक्षी, धार का SDO, सुशिर श्रीकृष्ण श्रीराम को देवसर, सिंगरौली का SDO और कुलदीप पटेल को मंडला का SDO बनाया गया है। इसके साथ ही जामदार फरहान इरफान को शहपुरा, डिंडौरी, ठाकरे ऋषिकेष विजय को छतरपुर और नवकिरण कौर को डबरा, ग्वालियर का SDO बनाया गया है।
प्रशासनिक कामकाज में बदलाव पर नजर
सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल से कई जिलों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल गई हैं। खास तौर पर जिला पंचायतों और नगर निगमों में नए अधिकारियों की पदस्थापना से स्थानीय प्रशासनिक कामकाज में बदलाव देखने को मिलेगा।
