गोटेगांव मंडी से किसान की 70 कट्टी मक्का चोरी: अनाज से भरी पिकअप के साथ पकड़ा गया चालक, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
नरसिंहपुर की गोटेगांव मंडी में किसान की करीब 70 कट्टी मक्का चोरी होने का मामला सामने आया है।

Narsinghpur News: नरसिंहपुर जिले की गोटेगांव कृषि उपज मंडी में किसान की मक्का चोरी होने का मामला सामने आया है। मंगलवार रात बंडोल निवासी किसान संजय जैन की करीब 70 कट्टी मक्का चोरी होने की बात सामने आई। इसी दौरान मक्का से भरी एक पिकअप पकड़ी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन चालक को पिकअप सहित थाने ले गई।
मंडी में पकड़ी गई मक्का से भरी पिकअप
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात मंडी परिसर में किसान की उपज चोरी होने की घटना हुई। किसान और कुछ व्यापारी मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान मक्का से भरी पिकअप पकड़ी गई। वाहन में रखी मक्का को चोरी की उपज बताया जा रहा है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
थाने पहुंचे व्यापारी, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी फैलने के बाद बड़ी संख्या में व्यापारी थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से मामले में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि मंडी परिसर में किसानों की उपज की सुरक्षा की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
मंडी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
व्यापारियों ने मंडी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि यदि मंडी में किसानों की उपज सुरक्षित नहीं रहेगी तो उन्हें नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस पिकअप और उसके चालक को थाने ले गई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




