यूक्रेन का रूस पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला, तेल रिफाइनरियों और अहम ठिकानों पर दागे 1336 ड्रोन
यूक्रेन ने रूस पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया। यूक्रेन ने रूस पर 1336 ड्रोन दागे।


Ukraine Russia War: रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग में सोमवार को हवाई हमलों का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा सामने आया। यूक्रेन ने रूस पर 1336 ड्रोन दागे। रॉयटर्स के मुताबिक, रूसी एयर डिफेंस सिस्टम ने दावा किया कि उसने सभी ड्रोन को हवा में ही मार गिराया। ये ड्रोन रूस के 16 क्षेत्रों के अलावा क्रीमिया, ब्लैक सी और एजोव सी के ऊपर भी इंटरसेप्ट किए गए। रूस ने इसे युद्ध शुरू होने के बाद का सबसे बड़ा ड्रोन हमला बताया है।
रॉयटर्स और एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले में तेल से जुड़े ठिकानों, औद्योगिक क्षेत्रों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को निशाना बनाया गया। मॉस्को की ओर भी बड़ी संख्या में ड्रोन आने की जानकारी सामने आई है। हमले के दौरान क्रीमिया को रूस से जोड़ने वाले अहम सड़क और रेल पुल पर भी हमला होने की सूचना मिली। हालांकि, रूस ने पुल को मामूली नुकसान होने की बात कही है।
मॉस्को की ओर आए करीब 600 ड्रोन
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन के मुताबिक, राजधानी और आसपास के इलाके की ओर करीब 600 ड्रोन आए थे। इनमें से 191 ड्रोन मॉस्को के नजदीक मार गिराए गए। सुरक्षा कारणों से राजधानी के कुछ एयरपोर्ट पर उड़ानों के संचालन पर अस्थायी प्रतिबंध लगाए गए।
रूस के कई अन्य क्षेत्रों में भी ड्रोन हमलों की खबरें सामने आईं। रोस्तोव और क्रास्नोडार क्षेत्र में औद्योगिक ठिकानों पर हमलों के बाद आग लगने की घटनाएं हुईं। क्रास्नोडार क्षेत्र में ड्रोन का मलबा एक मकान पर गिरने से छह लोग घायल हुए। वहीं रोस्तोव क्षेत्र में तीन लोगों के घायल होने की सूचना दी गई।
क्रीमिया को रूस से जोड़ने वाले पुल पर भी हमला
इस बड़े हमले के दौरान क्रीमिया को रूस के क्रास्नोडार क्षेत्र से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण सड़क और रेल पुल को भी निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई। क्रीमिया के रूसी समर्थित प्रमुख सर्गेई अक्स्योनोव ने हमले की जानकारी दी।
इसके बाद सुरक्षा कारणों से पुल पर सड़क यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया। क्रेमलिन ने नुकसान को मामूली बताया, जबकि रेल सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहने की जानकारी दी गई।
29 अक्टूबर का रिकॉर्ड टूटा
यूक्रेन और रूस के बीच ड्रोन हमलों का दायरा लगातार बढ़ रहा है। इससे पहले 29 अक्टूबर को रूस ने दावा किया था कि उसकी एयर डिफेंस ने एक ही रात में 1,254 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए थे।
उस हमले में रूस के 19 क्षेत्रों को निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई थी। बेलगोरोद क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत और सात लोगों के घायल होने की खबर थी। मॉस्को के मेयर ने उस समय राजधानी की ओर आए सैकड़ों ड्रोन को रोकने का दावा किया था।
अब 1,336 ड्रोन इंटरसेप्ट करने के रूसी दावे ने पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, दोनों पक्षों की ओर से जारी आंकड़ों की स्वतंत्र पुष्टि करना संभव नहीं हुआ है।
जेलेंस्की का दावा- रूस की 55% तेल रिफाइनिंग क्षमता ठप
यूक्रेन ने हाल के दिनों में रूस के तेल और ऊर्जा क्षेत्र को भी निशाना बनाया है। इन हमलों का उद्देश्य रूस की अर्थव्यवस्था को प्रभावित करना बताया जा रहा है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा किया है कि यूक्रेन के हमलों से रूस की 55% से ज्यादा तेल रिफाइनिंग क्षमता ठप हो गई है।
हालांकि, रूस ने इस दावे पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी है और रॉयटर्स भी इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं कर सका। रूस की अर्थव्यवस्था में तेल और गैस से होने वाली कमाई की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में तेल रिफाइनरियों पर हमले रूस के लिए आर्थिक चुनौती बन सकते हैं।
रूस भी यूक्रेन के बिजली ठिकानों पर कर रहा हमले
एक तरफ यूक्रेन रूस के तेल और औद्योगिक ठिकानों को निशाना बना रहा है, तो दूसरी तरफ रूस भी यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे पर लगातार हमले कर रहा है। सर्दियों के करीब आने के साथ बिजली आपूर्ति से जुड़े ठिकानों पर हमलों का असर आम लोगों की जिंदगी पर पड़ रहा है।
AP की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस ने रविवार रात से सोमवार सुबह तक यूक्रेन पर 158 ड्रोन दागे। यूक्रेनी वायुसेना ने इनमें से 131 ड्रोन को निष्क्रिय करने या रोकने का दावा किया। हालांकि, 19 स्थानों पर हमलों के असर की जानकारी भी सामने आई। यूक्रेन के निप्रो शहर में हमले के दौरान एक व्यक्ति की मौत और 10 लोगों के घायल होने की खबर है।
दोनों देशों के बीच लगातार बढ़ते हवाई हमलों से युद्ध का दायरा और व्यापक होता दिखाई दे रहा है। एक ओर रूस और यूक्रेन एक-दूसरे के ऊर्जा और औद्योगिक ढांचे को निशाना बना रहे हैं, वहीं इसका असर आम नागरिकों, परिवहन और बिजली आपूर्ति पर भी पड़ रहा है।










