स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में MP का फिर जलवा, 9 शहरों को मिला राष्ट्रीय सम्मान,CM मोहन यादव ने दी बधाई
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में मध्यप्रदेश के 9 शहरों को राष्ट्रीय सम्मान मिला। उज्जैन और देवास ने अपनी श्रेणियों में पहला स्थान हासिल किया, जबकि जबलपुर को दूसरी रैंक मिली।


Swachh Survekshan 2025-26: स्वच्छता के क्षेत्र में मध्यप्रदेश ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के 9 शहरों को अलग-अलग श्रेणियों में राष्ट्रीय सम्मान मिला है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुशी जताते हुए इसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सफाई मित्रों और नागरिकों की सामूहिक मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश स्वच्छता के क्षेत्र में देश के लिए एक उदाहरण बन चुका है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दिया राष्ट्रीय पुरस्कार
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विभिन्न शहरों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। इस बार कुल 57 राष्ट्रीय पुरस्कारों में से 9 मध्यप्रदेश के शहरों को मिले हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन ने देश में स्वच्छता को जन आंदोलन का रूप दिया है। पिछले 12 वर्षों में लोगों की सोच और व्यवहार में भी सकारात्मक बदलाव आया है।
उज्जैन और देवास ने हासिल की पहली रैंक
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में मध्यप्रदेश के कई शहरों ने अपनी-अपनी श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन किया है। उज्जैन और देवास ने अपनी श्रेणियों में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि जबलपुर और सागर को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है।
प्रदेश के 9 शहरों को मिले पुरस्कार इस प्रकार हैं:
- उज्जैन: 3 लाख से 10 लाख आबादी वाले शहरों में स्वच्छ शहर रैंक-1
- देवास: 50 हजार से 3 लाख आबादी वाले शहरों में स्वच्छ शहर रैंक-1
- सागर: 50 हजार से 3 लाख आबादी वाले शहरों में स्वच्छ शहर रैंक-3
- जबलपुर: 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में स्वच्छ शहर रैंक-2
- बुधनी: 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों में स्वच्छ शहर रैंक-3
- रीवा: स्वच्छ रिवर फ्रंट शहर रैंक-1
- इंदौर: स्वच्छ शहर जोड़ी-मेंटर सम्मान
- देपालपुर: स्वच्छ शहर जोड़ी-मेंटी सम्मान
- ग्वालियर: स्वच्छ सिटी अवार्ड
सफाई मित्रों और जनभागीदारी को दिया श्रेय
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्वच्छता अभियान की सफलता में सफाई मित्रों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। सर्दी, गर्मी और बारिश के मौसम में लगातार काम करने वाले सफाई कर्मचारियों के योगदान के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी।
उन्होंने इंदौर का उदाहरण देते हुए कहा कि राजनीतिक इच्छाशक्ति, प्रशासनिक प्रतिबद्धता और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से शहर ने स्वच्छता का एक मॉडल तैयार किया है। मुख्यमंत्री ने सभी पुरस्कार प्राप्त नगरीय निकायों को बधाई भी दी।
सिंहस्थ-2028 से पहले उज्जैन समेत शहरों में बढ़ेंगी सुविधाएं
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि स्वच्छ शहर निवेश, पर्यटन, उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा करते हैं। स्वच्छ वातावरण से नागरिकों का स्वास्थ्य बेहतर होता है और शहरों की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलती है।
सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए उज्जैन सहित प्रदेश के अन्य शहरों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक शौचालय, यातायात और पर्यावरण संरक्षण की व्यवस्थाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
इसके लिए जीपीएस आधारित कचरा संग्रहण, आधुनिक कचरा प्रसंस्करण केंद्र, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, कम्पोस्ट निर्माण, वेस्ट टू एनर्जी और डिजिटल मॉनिटरिंग जैसी व्यवस्थाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।
हर वार्ड में सफाई व्यवस्था मजबूत करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने नगरीय निकायों से प्रत्येक वार्ड में नियमित सफाई, घर-घर कचरा संग्रहण और कचरे के पृथक्करण को प्राथमिकता देने की अपील की। इसके अलावा सार्वजनिक शौचालयों के रखरखाव, नदियों और जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त बनाने तथा सफाई मित्रों के कल्याण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य मध्यप्रदेश के हर शहर को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक नगरीय सुविधाओं के मामले में आदर्श बनाना है। स्वच्छ और स्वस्थ शहर विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएंगे।







