ब्रिटेन प्रिंस के दौरे पर चमकी मुंबई की सड़कें, बॉम्बे हाई कोर्ट की BMC को फटकार, पूछा- आम जनता को क्यों नहीं मिलती ऐसी सफाई?
प्रिंस विलियम के मुंबई दौरे से पहले सड़कों की सफाई पर बॉम्बे हाईकोर्ट ने BMC को फटकार लगाई। कोर्ट ने पूछा- आम जनता को ऐसी सफाई क्यों नहीं मिलती?


Bombay High Court: ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन के मुंबई दौरे से पहले शहर की सड़कों की सफाई और व्यवस्था को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट ने बृह्नमुंबई महानगर पालिका (BMC) को फटकार लगाई है। बुधवार को सुनवाई के दौरान अदालत ने सवाल किया कि जब किसी VIP का दौरा होता है तो शहर की सड़कें साफ-सुथरी कर दी जाती हैं, लेकिन आम लोगों को ऐसी सुविधाएं क्यों नहीं मिलतीं? कोर्ट ने कहा कि खास मेहमानों के आने पर दो दिन सफाई का दिखावा करने के बजाय पूरे साल शहर को साफ रखने की व्यवस्था होनी चाहिए।
हाई कोर्ट बोला- दो दिन की सफाई नहीं, पूरे साल साफ रखें शहर
जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस नीला गोखले की खंडपीठ शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण और कांजुरमार्ग डंपिंग ग्राउंड के आसपास जहरीली गैसों के रिसाव से जुड़े मामले की सुनवाई कर रही थी। इसी दौरान कोर्ट ने मुंबई की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए।
अदालत ने कहा कि जब खास लोग शहर में आते हैं तो BMC सड़कें साफ-सुथरी कर देता है। ऐसी व्यवस्था हमेशा क्यों नहीं रखी जा सकती? दो दिन के लिए सफाई करने के बजाय महानगर पालिका को स्थायी व्यवस्था बनानी चाहिए, ताकि आम लोगों को भी साफ सड़कें और बेहतर वातावरण मिल सके।
कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि सफाई केवल उन रास्तों और इलाकों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, जहां से VIP गुजरते हैं। शहर के हर हिस्से में हर समय साफ-सफाई होनी चाहिए। इस मामले में अगली सुनवाई 7 दिसंबर को होगी।
प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन के दौरे से पहले हुई थी सफाई
दरअसल, ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी प्रिंसेस कैथरीन 16 नवंबर को मुंबई पहुंचे थे। उनके दौरे से पहले शहर के कई इलाकों में सफाई और व्यवस्थाओं को बेहतर किया गया था। 17 नवंबर को दोनों अर्थशॉट प्राइज समारोह में शामिल हुए।
इस दौरान प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन ने मुंबई में गली क्रिकेट भी खेला। वहीं, प्रिंस विलियम इलेक्ट्रिक ऑटो चलाते हुए भी नजर आए। उनके दौरे के दौरान शहर की बदली हुई सफाई व्यवस्था को लेकर अब हाईकोर्ट ने BMC से सवाल किए हैं।
प्लास्टिक कचरे पर भी कोर्ट ने जताई चिंता
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने मुंबई की सड़कों और समुद्र किनारे बढ़ते प्लास्टिक कचरे पर भी चिंता जताई। अदालत ने सवाल किया कि प्लास्टिक के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाने की दिशा में प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं।
जजों ने सरकार से प्लास्टिक के इस्तेमाल और उसके निपटान को लेकर मौजूदा नीति की जानकारी मांगी। साथ ही लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाने की जरूरत बताई।
कांजुरमार्ग डंपिंग ग्राउंड का भी किया था दौरा
इससे एक दिन पहले मंगलवार को हाईकोर्ट के जजों ने कांजुरमार्ग डंपिंग ग्राउंड का दौरा किया था। यहां कचरे के बड़े-बड़े ढेर और प्लास्टिक की भारी मात्रा देखकर अदालत ने चिंता जताई।
कोर्ट ने मॉनिटरिंग कमेटी को डंपिंग ग्राउंड के आसपास बदबू और प्रदूषण की स्थिति की जांच करने तथा 7 दिसंबर तक रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। अब इस मामले में अगली सुनवाई के दौरान BMC और संबंधित अधिकारियों को सफाई व्यवस्था, प्रदूषण नियंत्रण और प्लास्टिक कचरे के प्रबंधन पर जवाब देना होगा।









