सिवनी वायरल वीडियो पर बड़ा एक्शन, ASP और SDOP समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड; CM मोहन यादव ने दिए जांच के निर्देश
सिवनी के होटल सिद्धार्थ का CCTV वीडियो वायरल होने के बाद CM मोहन यादव ने ASP, SDOP समेत 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने के निर्देश दिए।


Seoni Viral Video Case: मध्य प्रदेश के सिवनी में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाले वायरल CCTV वीडियो के बाद सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर ASP, SDOP समेत छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामला बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ का है, जहां पुलिस अधिकारियों पर होटल संचालक से हर महीने पैसे मांगने और होटल में ठहरे एक बालिग युवक-युवती को गांजे के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के आरोप लगे हैं। 13 नवंबर को हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस मुख्यालय हरकत में आया। मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराने के निर्देश भी दिए हैं।
CM मोहन यादव ने X पर दी कार्रवाई की जानकारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस मामले को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता और कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, सिवनी के वायरल वीडियो प्रकरण में प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण सामने आने पर ASP, SDOP सहित छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराने को कहा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने वाले प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी से जिम्मेदारी, मर्यादा और अनुशासन के साथ काम करने की अपेक्षा है। कदाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
होटल में कपल को गांजे के केस में फंसाने की धमकी
पूरा मामला सिवनी के बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ का है। सोशल मीडिया पर वायरल CCTV फुटेज 13 नवंबर की शाम का बताया जा रहा है। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा, SDOP चंचलेश मरकाम, कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी और अन्य पुलिसकर्मी होटल के रिसेप्शन पर दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में पुलिस अधिकारी होटल में ठहरे एक युवक और युवती से पूछताछ करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों बालिग थे और उन्होंने पुलिस को बताया कि वे अपनी मर्जी से होटल आए हैं। दोनों ने एक-दूसरे से शादी करने की इच्छा भी जाहिर की थी। इसके बावजूद पुलिसकर्मी उनसे परिजनों को बुलाने और फोन करने के लिए कहते दिखाई दे रहे हैं।
आरोप है कि जब युवक-युवती ने परिजनों को बुलाने से इनकार किया तो एक पुलिस अधिकारी ने होटल कर्मचारियों से युवक के बैग में गांजा रखकर उसे झूठे मामले में फंसाने की बात कही। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और होटल में मौजूद बालिग जोड़े के साथ किए गए व्यवहार पर सवाल उठने लगे।
होटल संचालक ने हर महीने वसूली का लगाया आरोप
वीडियो वायरल होने के बाद होटल संचालक संजय सनोडिया ने पुलिस अधिकारियों पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए। उनका दावा है कि होटल का संचालन करने के बदले पुलिस अधिकारियों की ओर से हर महीने रकम देने का दबाव बनाया जा रहा था।
संचालक के मुताबिक, कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी, SDOP चंचलेश मरकाम और ट्रैफिक विभाग के अधिकारी विजय तिवारी की ओर से अलग-अलग रकम मांगी गई थी। उन्होंने कुल 50 हजार रुपये प्रतिमाह मांगने का आरोप लगाया है। संचालक का यह भी दावा है कि उन्होंने अक्टूबर में कुछ पुलिस अधिकारियों को पैसे दिए थे। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हिडन कैमरे में रिकॉर्ड हुई पूरी घटना
होटल संचालक संजय सनोडिया के मुताबिक, पुलिसकर्मियों के होटल पहुंचने पर CCTV का DVR जब्त किए जाने की आशंका रहती थी। इसी वजह से उन्होंने होटल में साउंड रिकॉर्डिंग की सुविधा वाला एक अलग कैमरा भी लगवाया था।
उनका दावा है कि 13 नवंबर को जब पुलिस अधिकारी होटल पहुंचे तो एक DVR जब्त कर लिया गया, लेकिन दूसरे कैमरे में घटना की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रह गई। इसी रिकॉर्डिंग का करीब 1 मिनट 15 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद मामला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और सरकार तक पहुंच गया।
DGP की अनुशंसा के बाद छह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मुख्यालय ने भी मामले को गंभीरता से लिया। DGP कैलाश मकवाना की ओर से संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की अनुशंसा की गई थी। शुरुआती कार्रवाई में थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था। इसके बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर ASP और SDOP समेत कुल छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।
मामले की जांच छिंदवाड़ा रेंज के DIG को सौंपी गई है। अधिकारियों को पहले अंतरिम और उसके बाद विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। होटल संचालक से भी संपर्क कर उपलब्ध साक्ष्य और अपना पक्ष जांच में शामिल कराने को कहा गया है।
फिलहाल वायरल वीडियो, होटल संचालक के आरोपों और पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।







