डिंडोरी: पुलिया बनी नहीं, रिकॉर्ड में निर्माण दिखाकर निकाले 5.09 लाख रुपए; ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत
डिंडोरी में पुलिया निर्माण के लिए 5.40 लाख रुपए मंजूर हुए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर पुलिया बनी ही नहीं, लेकिन चार बिलों के जरिए 5.09 लाख रुपए का भुगतान कर दिया गया।


Dindori News: डिंडोरी जिले की धुर्रा ग्राम पंचायत में पुलिया निर्माण के नाम पर सरकारी राशि के भुगतान को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शांतिधाम पहुंच मार्ग पर पुलिया का निर्माण कराया ही नहीं गया, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में काम दर्शाकर 5 लाख 9 हजार 800 रुपए का भुगतान कर दिया गया। यह राशि चार बिलों के जरिए अलग-अलग फर्मों को दी गई। मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत कर पूरे भुगतान की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
मामले में जनपद पंचायत के सीईओ पंकज देवड़ा ने जांच कराने की बात कही है। उनका कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि भुगतान किस आधार पर किया गया और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
5.40 लाख रुपए की मंजूरी, चार बिलों से भुगतान
ग्रामीण नवीन गवले के मुताबिक, शांतिधाम पहुंच मार्ग पर पुलिया निर्माण के लिए 21 मार्च 2026 को 5 लाख 40 हजार रुपए की स्वीकृति दी गई थी। इस काम के लिए वर्क आईडी 101332804 भी जारी की गई थी।
ग्रामीणों का दावा है कि मौके पर पुलिया का निर्माण नहीं हुआ, इसके बावजूद काम के नाम पर चार बिलों से राशि निकाल ली गई। भुगतान का ब्योरा इस प्रकार है—
- एमआरएन टेंडर्स को 2 लाख 29 हजार रुपए
- आस्था ट्रेडर्स एवं सप्लायर को 1 लाख 10 हजार रुपए
- सिद्ध पाइप इंडस्ट्रीज को 69 हजार रुपए
- एमआरएन टेंडर्स को दोबारा 1 लाख 800 रुपए
इन चार भुगतानों को मिलाकर कुल 5 लाख 9 हजार 800 रुपए की राशि निकाले जाने का आरोप है। ग्रामीणों का सवाल है कि जब मौके पर निर्माण कार्य ही नहीं हुआ, तो भुगतान किस आधार पर किया गया?
तत्कालीन सचिव ने भी उठाए वर्क आईडी पर सवाल
मामले में धुर्रा पंचायत के तत्कालीन सचिव श्यामलाल यादव का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि शांतिधाम पहुंच मार्ग पर पुलिया निर्माण का कोई काम स्वीकृत नहीं हुआ था। उनके अनुसार, पांचवें वित्त की राशि से धुर्रा और भैंसलगान में पुलिया का निर्माण कराया गया है।
श्यामलाल यादव ने सवाल उठाया कि जब इस नाम से कोई काम मंजूर नहीं हुआ था, तो शांतिधाम पहुंच मार्ग के नाम पर वर्क आईडी कैसे जारी हो गई? उन्होंने भी मामले की जांच कराने की जरूरत बताई है।
सीईओ बोले- जांच के बाद तय होगी जिम्मेदारी
शिकायत सामने आने के बाद जनपद पंचायत के सीईओ पंकज देवड़ा ने मामले की जांच कराने की बात कही है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जाएगा कि भुगतान किस प्रक्रिया के तहत हुआ और इसमें कोई गड़बड़ी हुई है या नहीं। जांच में जिसकी भी जिम्मेदारी सामने आएगी, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल ग्रामीणों ने कलेक्टर से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि पुलिया निर्माण के लिए जारी राशि का भुगतान किस आधार पर किया गया और मौके पर काम नहीं होने के आरोपों में कितनी सच्चाई है।






