बीमा राशि पर पत्नी को मिला पूरा अधिकार, MP हाई कोर्ट ने इस विवाद पर सुनाया फैसला
पति की मौत के बाद बीमा की रकम पर पत्नी, माता-पिता और बहन के बीच विवाद पहुंचा हाईकोर्ट। जानिए, अदालत ने किस आधार पर पत्नी को पूरी राशि का हकदार माना और निचली अदालत का फैसला पलटा।


MP High Court: मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने जीवन बीमा की रकम को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद में पत्नी के पक्ष में फैसला सुनाया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि बीमा पॉलिसी में पत्नी को एकमात्र नॉमिनी बनाया गया था, इसलिए इस मामले में पूरी बीमा राशि पर उसी का अधिकार है। जस्टिस विवेक जैन की एकलपीठ ने पत्नी मोनिका बडगुजर की याचिका स्वीकार करते हुए निचली अदालत का वह आदेश रद्द कर दिया, जिसमें बीमा की रकम को चार लोगों के बीच बराबर बांटने के निर्देश दिए गए थे।
इस फैसले के साथ ही पति के माता-पिता और बहन की बीमा राशि में हिस्सेदारी की मांग खारिज हो गई। कोर्ट ने बीमा अधिनियम, 1938 की धारा 39(7) के प्रावधानों के आधार पर नॉमिनी के अधिकारों की व्याख्या भी की।
पति की मौत के बाद शुरू हुआ था विवाद
मामला MTNL कर्मचारी मुकेश कहर की मौत से जुड़ा है। उनका निधन 10 जुलाई 2017 को हुआ था। उन्होंने अपनी जीवन बीमा पॉलिसी में पत्नी मोनिका को एकमात्र नॉमिनी बनाया था। पति की मृत्यु के बाद उनके माता-पिता और बहन ने भी संपत्ति और बीमा राशि में अधिकार जताते हुए उत्तराधिकार प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन किया।
नवंबर 2023 में सिविल कोर्ट ने पीएफ, ग्रेच्युटी और बीमा की रकम चारों लोगों के बीच बराबर बांटने का आदेश दिया था। इसके बाद नरसिंहपुर के चतुर्थ जिला न्यायाधीश ने मार्च 2025 में भी इस आदेश को बरकरार रखा। निचली अदालतों के फैसले से असहमत मोनिका ने अधिवक्ता अजय शंकर रायजादा के माध्यम से हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।
धारा 39(7) के आधार पर पत्नी के पक्ष में फैसला
हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान बीमा अधिनियम की धारा 39(7) पर विचार किया। इस प्रावधान के तहत यदि पॉलिसीधारक अपने माता-पिता, पत्नी या बच्चों में से किसी को नॉमिनी बनाता है, तो निर्धारित शर्तों के अधीन नॉमिनी को बीमा की रकम पर लाभकारी अधिकार मिल सकता है।
कोर्ट ने मामले के तथ्यों को देखते हुए पाया कि मुकेश कहर ने अपनी पॉलिसी में पत्नी मोनिका को ही एकमात्र नॉमिनी नियुक्त किया था। ऐसे में बीमा राशि को चार बराबर हिस्सों में बांटने का निचली अदालत का आदेश उचित नहीं था। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने पुराने आदेश को पलटते हुए पत्नी का दावा स्वीकार कर लिया।
नॉमिनी और कानूनी वारिस के अधिकारों में अंतर
इस मामले में कोर्ट ने बीमा पॉलिसी में नॉमिनी बनाए जाने से जुड़े कानूनी प्रावधानों की भी व्याख्या की। धारा 39(7) के तहत पत्नी, बच्चों या माता-पिता को नॉमिनी बनाने पर उन्हें निर्धारित परिस्थितियों में बीमा राशि का लाभकारी अधिकार मिल सकता है। हालांकि, केवल नॉमिनी होने से हर मामले में मालिकाना हक अपने आप तय नहीं हो जाता। इसके लिए पॉलिसी की शर्तों, लागू कानूनी प्रावधानों और मामले के तथ्यों को देखना जरूरी है।







