कर्जदार से वसूली करने पहुंचे बैंक मैनेजर से मारपीट, 16 हजार लूटने का आरोप, जानें पूरी खबर
जबलपुर में लोन रिकवरी के लिए पहुंचे बैंक मैनेजर के साथ कर्जदार और उसके साथियों ने मारपीट की।
Jabalpur News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में लोन की रिकवरी के लिए कर्जदार के घर पहुंचे बैंक मैनेजर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। कर्जदार और उसके साथियों ने बैंक मैनेजर पर हमला कर दिया। इस दौरान उनकी नाक पर चोट लगी और खून निकलने लगा।
बैंक मैनेजर ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनके पास रखे 16 हजार रुपए भी आरोपियों ने ले लिए। मामले में उन्होंने कैंट थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
लोन रिकवरी के लिए कर्जदार के घर पहुंचे थे मैनेजर
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की सदर शाखा के मैनेजर मनीष संज्ञा लोन की रिकवरी और नोटिस देने के लिए सदर इलाके में पहुंचे थे। मामले में सामने आया है कि कर्जदार ने बैंक से गोल्ड लोन लिया था और उसकी किश्तें लगातार जमा नहीं की जा रही थीं। इसी सिलसिले में बैंक की ओर से पहले भी नोटिस दिए गए थे। यही वजह रही कि बैंक मैनेजर रिकवरी करने और नोटिस देने के लिए सतीश के घर गए थे। जब किश्तें नहीं भरने का संबंध में उन्होंने बातचीत की। तब विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
मारपीट में नाक पर आई चोट
मैनेजर का आरोप है कि बातचीत के दौरान कर्जदार सतीश अग्रवाल और उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में उनकी नाक पर चोट लगी, जिसके बाद खून निकलने लगा।
मैनेजर ने पुलिस को दी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि घटना के दौरान उनके पास रखे ₹16 हजार रुपए भी ले लिए गए।
बैंक कर्मचारियों ने थाने पहुंचकर जताया विरोध
घटना की जानकारी मिलने के बाद बैंक के अन्य कर्मचारी भी कैंट थाने पहुंचे। कर्मचारियों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बैंक कर्मचारियों का कहना है बैंक अधिकारी के साथ इस तरह की घटना गंभीर मामला है और आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
आरोपी ने बैंक से लिया था गोल्ड लोन
पुलिस के मुताबिक, सदर इलाके की गली नंबर-9 में रहने वाले सतीश अग्रवाल ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की सदर शाखा में सोना गिरवी रखकर गोल्ड लोन लिया था। बताया गया है कि लोन की किश्तें समय पर जमा नहीं होने के कारण बैंक की ओर से कई बार नोटिस भेजे गए थे। इसी सिलसिले में बैंक मैनेजर रिकवरी के लिए उसके घर पहुंचे थे।
पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
कैंट थाना प्रभारी पुष्पेंद्र पटले के मुताबिक, बैंक मैनेजर कर्जदार को नोटिस देने के लिए गए थे। इसी दौरान उनके साथ मारपीट की गई। मैनेजर की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस मामले में सतीश अग्रवाल और उसके साथियों की तलाश कर रही है। घटना में मारपीट और पैसे ले जाने के आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


.jpg&w=3840&q=75)



