मां देख रही थी मोबाइल, चलती ट्रेन से गिरी बच्ची; फिर हुआ चमत्कार!
जबलपुर में पवन एक्सप्रेस में मां के साथ सफर कर रही डेढ़ साल की बच्ची चलती ट्रेन से अचानक नीचे गिर गई।
Jabalpur News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। दरअसल पवन एक्सप्रेस में मां के साथ सफर कर रही डेढ़ साल की बच्ची चलती ट्रेन से अचानक नीचे गिर गई। घटना 15 सितंबर को कटनी-जबलपुर के बीच हुई। ट्रेन करीब 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। बच्ची इमरजेंसी खिड़की से करीब 8 फीट नीचे गिट्टियों पर जा गिरी। बच्ची के अचानक गायब होने से मां संजीदा खातून घबरा गईं। यात्रियों ने बच्ची के ट्रेन से बाहर गिरने की आशंका जताई और तुरंत चेन पुलिंग की। इसके बाद यात्री ट्रैक पर पहुंचे और बच्ची को उठाकर ट्रेन तक लाए।
मां देख रही थी मोबाइल, बच्ची खिड़की से गिरी
26 वर्षीय संजीदा मुजफ्फरपुर की रहने वाली हैं। उनके पति मुंबई में नौकरी करते हैं। वह अपनी डेढ़ साल की बेटी के साथ मुजफ्फरपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनल, मुंबई जा रही थीं। संजीदा लोअर बर्थ पर बच्ची को साइड में लिटाकर मोबाइल देख रही थीं।
इसी दौरान बच्ची उठकर इमरजेंसी खिड़की की रॉड पकड़कर खड़ी हो गई। ट्रेन के झटके से उसका संतुलन बिगड़ा और वह खिड़की से बाहर जा गिरी। बच्ची के सिर, पीठ और हाथ-पैर में चोट लगी, जिससे खून निकल रहा था।
यात्रियों ने चेन पुलिंग कर बचाई जान
यात्रियों ने बच्ची के बाहर गिरने की आशंका जताई। यात्रियों ने बिना देर किए चेन पुलिंग की। ट्रेन रुकने के बाद कुछ यात्री ट्रैक पर दौड़े और बच्ची को उठाकर वापस ट्रेन के पास लाए। करीब 8 फीट की ऊंचाई और तेज रफ्तार के बावजूद बच्ची को समय रहते बचा लिया गया। कई यात्रियों ने इसे चमत्कार बताया।
यात्रियों के मुताबिक इमरजेंसी खिड़की में सामान्य खिड़की की तुलना में रॉड कम लगी थीं। इसके चलते खिड़की में गैप था। बच्ची ने रॉड पकड़कर खड़े होने की कोशिश की और झटके के साथ बाहर गिर गई।
अस्पताल में कराया गया इलाज
जबलपुर स्टेशन पहुंचने के बाद आरपीएफ और कमर्शियल विभाग की टीम ने बच्ची को अटेंड किया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
संजीदा ने बताया कि जबलपुर में उनका कोई परिचित नहीं है और वह बच्ची का आगे का इलाज मुंबई में कराना चाहती हैं। इसके बाद रेल प्रबंधन ने उन्हें दूसरी ट्रेन से मुंबई रवाना किया।
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब के अनुसार, घटना कटनी स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के दौरान हुई थी। बच्ची के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट के कारण उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।




.jpg&w=3840&q=75)
