नरसिंहपुर: जमीन विवाद में ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या, पिता के उकसाने पर बेटे ने दिया अंजाम; दोनों फरार
नरसिंहपुर के मुराच गांव में जमीन विवाद के चलते 48 वर्षीय लक्ष्मण पटेल की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई।

Narsinghpur News: नरसिंहपुर के मुराच गांव में जमीन को लेकर पुरानी रंजिश ने एक व्यक्ति की जान ले ली। मंगलवार शाम 48 वर्षीय लक्ष्मण पटेल की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पिता के उकसाने पर बेटे ने लक्ष्मण पटेल को तीन बार ट्रैक्टर से रौंदा। इस हमले में लक्ष्मण की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पंचर की दुकान के पास हुआ हमला
घटना ठेमी थाना क्षेत्र के मुराच गांव की है। लक्ष्मण पोहप सिंह पटेल बस स्टैंड के पास रानी अवंतीबाई चौराहे पर पंचर की दुकान चलाते थे। मंगलवार शाम वह दुकान पर पहुंचे थे। इसी दौरान पास की दुकान से गुटखा लेने जाते समय राजेंद्र पटेल ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंचा और लक्ष्मण को टक्कर मार दी।
आरोप है कि इसके बाद मौके पर मौजूद राजेंद्र के पिता मन्नूलाल लोधी ने उसे फिर से ट्रैक्टर चढ़ाने के लिए उकसाया। इसके बाद राजेंद्र ने लक्ष्मण को दो बार और कुचल दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जमीन को लेकर दोनों परिवारों में पुरानी दुश्मनी
मृतक के बड़े भाई मूरत पटेल ने आरोप लगाया कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि आरोपी परिवार पहले भी उनकी जमीन पर कब्जा कर चुका था और अब दूसरी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा था।
परिजनों ने इसी पुरानी रंजिश को हत्या की वजह बताया है। हालांकि, विवाद और हत्या के पीछे की पूरी वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ दिया दम
वारदात के बाद डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस लक्ष्मण को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रात में ठेमी थाना प्रभारी प्रकाश पाठक अस्पताल पहुंचे और परिजनों व प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी ली।
बुधवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है।
हत्या का केस दर्ज, पिता-पुत्र की तलाश जारी
पुलिस ने राजेंद्र लोधी और उसके पिता मन्नूलाल लोधी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी प्रकाश पाठक के मुताबिक, वारदात के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।





