पुलिस बस हादसे में 3 मौतों के मामले में हाई कोर्ट सख्त, DGP की 6 याचिकाएं खारिज कर लगाया जुर्माना
सिवनी में पुलिस बस की टक्कर से तीन लोगों की मौत के मामले में हाईकोर्ट ने DGP की छह याचिकाएं खारिज कर 60 हजार रुपए जुर्माना लगाया।

MP High Court: मध्यप्रदेश हाई कोर्ट ने सिवनी में पुलिस बस और कार की टक्कर से तीन लोगों की मौत के मामले में पुलिस विभाग को कड़ी फटकार लगाई है। मुआवजे की राशि को चुनौती देते हुए DGP की ओर से दायर छह याचिकाओं को कोर्ट ने खारिज कर दिया। साथ ही हर याचिका पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। कोर्ट ने पीड़ित परिवारों की अपील पर दो मामलों में मुआवजा भी बढ़ाया। कुल 16.55 लाख रुपए का अतिरिक्त मुआवजा देने के निर्देश दिए गए हैं।
नागपुर में इलाज कराने पर पुलिस ने उठाए थे सवाल
हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान पुलिस विभाग की उस दलील को हास्यास्पद बताया, जिसमें कहा गया था कि पीड़ितों ने मंडला जिला अस्पताल के बजाय नागपुर में इलाज कराकर ज्यादा मेडिकल बिल पेश किए। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि हर नागरिक को अपनी क्षमता और उपलब्धता के अनुसार बेहतर इलाज कराने का अधिकार है। वह कहां उपचार कराएगा, यह पुलिस विभाग तय नहीं कर सकता।
2024 में पुलिस बस और कार की हुई थी टक्कर
मामला 5 अप्रैल 2024 का है। सिवनी जिले के केवलारी थाना क्षेत्र में पुलिस बस और टाटा नेक्सन कार की टक्कर हो गई थी। हादसे में पुलिस बस पलट गई थी। कार में सवार मंडला निवासी चालक काजू महोबिया, निखिलेश जसवानी और कन्हैया जसवानी की मौत हो गई थी।
मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने का आदेश दिया था। इस राशि को चुनौती देते हुए पुलिस विभाग ने हाईकोर्ट में छह याचिकाएं दायर की थीं। दूसरी ओर, मुआवजा बढ़ाने की मांग को लेकर पीड़ित पक्ष ने तीन अपीलें लगाई थीं।
सबूत पेश नहीं कर पाया पुलिस विभाग
सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से दलील दी गई कि दुर्घटना आमने-सामने की टक्कर के कारण हुई थी। पुलिस विभाग ने इसे सह-लापरवाही का मामला बताते हुए मुआवजा घटाने की मांग की थी। साथ ही दो मामलों में विकलांगता प्रमाण पत्रों को स्वीकार करने पर भी सवाल उठाए थे।
हालांकि, हाईकोर्ट ने पाया कि पुलिस विभाग अपने दावों के समर्थन में ठोस सबूत पेश नहीं कर सका। सह-लापरवाही साबित करने के लिए न तो स्वतंत्र जांच कराई गई और न ही जांच अधिकारी से पूछताछ हुई। यहां तक कि पुलिस बस के चालक का बयान भी नहीं कराया। कोर्ट ने इसे पुलिस विभाग और उसके अधिकारियों की लापरवाही बताया।
परिवारों को मिलेगा अतिरिक्त मुआवजा
हाईकोर्ट ने पीड़ित पक्ष की तीन अपीलों में से दो स्वीकार कीं। इनमें मुआवजे की राशि बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
- निखिलेश जसवानी का मामला: उनकी पत्नी दीप्ति जसवानी की अपील स्वीकार करते हुए भविष्य की संभावित आय के मद में 25 प्रतिशत वृद्धि मंजूर की गई। इससे मुआवजे में 12 लाख रुपए बढ़ाए गए।
- काजू महोबिया का मामला: उनकी मासिक आय पहले 10 हजार रुपए मानी गई थी। कोर्ट ने इसे बढ़ाकर 12,410 रुपए माना, जिससे मुआवजे में 4 लाख 55 हजार रुपए की वृद्धि हुई।
इस तरह दोनों मामलों में कुल 16 लाख 55 हजार रुपए का अतिरिक्त मुआवजा देने का आदेश दिया गया।
10 साल तक सुरक्षित रहेगा अतिरिक्त मुआवजे का मूलधन
कोर्ट ने निर्देश दिया कि अतिरिक्त मुआवजे की राशि को 10 साल के लिए मासिक आय योजना या बैंक में निवेश किया जाए। लाभार्थी इस पर मिलने वाला मासिक ब्याज निकाल सकेंगे, लेकिन निर्धारित अवधि तक मूलधन नहीं निकाल पाएंगे।
इसके अलावा राज्य सरकार पर छह याचिकाओं के लिए कुल 60 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। कोर्ट ने दावेदारों को प्रत्येक मामले में 10 हजार रुपए मुकदमे के खर्च के रूप में देने का भी आदेश दिया है।








