नरसिंहपुर में शव रखकर स्टेट हाइवे जाम करने मामले में कार्रवाई, 12 लोगों पर FIR दर्ज, शासकीय रास्ता रोकने का आरोप
नरसिंहपुर के गाडरवारा में युवक की मौत के बाद शव रखकर हाईवे जाम करने पर 12 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई।


Narsinghpur News: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद शव रखकर प्रदर्शन करना अब नेताओं और प्रदर्शनकारियों को भारी पड़ गया है। 16 नवंबर को स्टेट हाईवे पर चक्काजाम करने के मामले में पुलिस ने 11 नामजद और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोपियों में कांग्रेस और भाजपा नेताओं के साथ किसान नेता और मृतक के परिजन भी शामिल हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2) और 285 के तहत मामला दर्ज किया है।
हाइवा की टक्कर से हुई थी युवक की मौत
दरअसल, पूरा मामला 16 नवंबर को गाडरवारा थाना क्षेत्र के कामती तिराहे का है। यहां खुर्सीपार गांव के रहने वाले 23 वर्षीय शिवकुमार जाटव बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में शिवकुमार की मौत हो गई। घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने मृतक का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और जबलपुर-भोपाल मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया। करीब पांच घंटे तक चले प्रदर्शन में लोगों ने फरार हाइवा चालक की गिरफ्तारी और सड़क हादसों पर रोक लगाने की मांग की थी।
कांग्रेस और भाजपा नेताओं के नाम FIR में शामिल
पुलिस की FIR में कांग्रेस नेता सुरेंद्र पटेल, गौतम पटेल, लखन पटेल और राघव राजौरिया के नाम शामिल हैं। इसके अलावा भाजपा नेता मनोज दुबे और किसान नेता रोहित ढिमोले को भी आरोपी बनाया गया है।
मृतक के परिवार के सदस्यों समेत अन्य लोगों के नाम भी FIR में दर्ज हैं। पुलिस ने कुल 11 लोगों को नामजद किया है, जबकि एक अन्य व्यक्ति को आरोपी बनाया है।
किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला?
गाडरवारा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2) और 285 के तहत मामला दर्ज किया है।
- धारा 126(2): किसी व्यक्ति को गलत तरीके से रास्ते में रोकने यानी गलत अवरोध पैदा करने से संबंधित है।
- धारा 285: सार्वजनिक रास्ते पर खतरा या बाधा उत्पन्न करने से संबंधित है।
पुलिस की FIR में आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने शव रखकर सरकारी रास्ता अवरुद्ध किया और आम लोगों के आवागमन में बाधा पहुंचाई।
हादसे के बाद उठे सड़क सुरक्षा पर सवाल
इस पूरे घटनाक्रम में एक तरफ युवक की मौत के बाद परिवार को न्याय और फरार चालक की गिरफ्तारी का इंतजार है, तो दूसरी तरफ सड़क जाम करने के मामले में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अब देखना होगा कि पुलिस फरार हाइवा चालक को कब तक पकड़ती है और दर्ज FIR में नामजद लोगों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई होती है।




