जबलपुर: भेड़ाघाट में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने लोगों को कुचला, तीन की मौके पर मौत
भेड़ाघाट में NH-45 पर मक्का से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने ढाबे के बाहर लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई।


Jabalpur News: जबलपुर के भेड़ाघाट में गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। रिंग रोड स्थित नेशनल हाईवे-45 पर राज फैमिली ढाबे के पास मक्का से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़े वाहनों और लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ढाबा संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।
आग ताप रहे लोगों को ट्रक ने कुचला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा गुरुवार रात करीब 2 बजे हुआ। उस समय ढाबे पर कुछ लोग खाना खा रहे थे, जबकि कुछ लोग ठंड से बचने के लिए बाहर आग ताप रहे थे। इसी दौरान मक्का से लदा ट्रक तेज रफ्तार में आया और ढाबे के बाहर खड़ी बोलेरो, कार और पिकअप को टक्कर मारते हुए लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रक कुछ दूरी तक आगे बढ़ने के बाद सड़क पर पलट गया। हादसे में तीन लोगों की जान चली गई।
हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत
हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जान गंवाने वालों की पहचान बलराम निवासी भिंड-मुरैना, मोनू और धर्मेंद्र निवासी खैरी के रूप में हुई है। बलराम और मोनू शराब दुकान में कर्मचारी बताए जा रहे हैं, जबकि धर्मेंद्र राज फैमिली ढाबे में काम करता था।
वहीं, हादसे में ढाबा संचालक राजा साहू गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और अन्य वाहनों की स्थिति का जायजा लिया।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रक मक्का लेकर जा रहा था। हालांकि, तेज रफ्तार के अलावा हादसे की अन्य वजहों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।







