जबलपुर में ATS की बड़ी कार्रवाई, 3 संदिग्ध अफगानी गिरफ्तार; फर्जी पासपोर्ट-वीजा से रहने का आशंका
जबलपुर ATS ने फर्जी पासपोर्ट और वीजा से भारत में रहने के शक में 3 संदिग्ध अफगान नागरिकों को गिरफ्तार किया।

Jabalpur News: जबलपुर में एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने गुरुवार को तीन संदिग्ध अफगानियों को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के मुताबिक, तीनों पर फर्जी पासपोर्ट और वीजा के जरिए भारत में रहने का संदेह है। कोर्ट में पेशी के बाद ATS ने उन्हें पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है। फिलहाल आरोपियों के नाम और पहचान गोपनीय रखी गई है।
गुरुवार दोपहर ATS की टीम तीनों संदिग्धों को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची। जांच के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया। एजेंसी अब उनसे भारत में प्रवेश, दस्तावेजों और जबलपुर में रहने से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।
पहले भी 6 अफगानी पकड़े जा चुके हैं
फर्जी पासपोर्ट मामले में इससे पहले भी जबलपुर से 6 अफगान नागरिकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बताया गया है कि ये सभी शहर के छोटी ओमती से लगे इलाके में रह रहे थे। अब तीन और संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच का दायरा बढ़ गया है।
फर्जी पासपोर्ट और वीजा से रहने का संदेह
ATS से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, तीनों संदिग्धों के पासपोर्ट और वीजा दस्तावेजों की जांच की जा रही है। आशंका है कि वे फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लंबे समय से जबलपुर में रह रहे थे।
जांच एजेंसी अफगानिस्तान के दूतावास से भी संपर्क कर रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान और नागरिकता की पुष्टि की जा सके। ATS यह भी पता लगाने में जुटी है कि वे भारत में किस रास्ते से दाखिल हुए और यहां तक पहुंचने में किन लोगों ने उनकी मदद की।
फिलहाल ATS की पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








