हिंसा की आग में झुलस रहा बांग्लादेश! विदेश राज्य मंत्री के घर में लगाई आग, एक दिन पहले यूनुस के घर को बनाया था निशाना
बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के बीच विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के आवास के गेट पर आग लगाने की कोशिश की गई।


बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी की चर्चाओं और उनकी पार्टी अवामी लीग के देशव्यापी बंद के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार सुबह विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के सिलहट स्थित आवास के मुख्य गेट पर आग लगाने की कोशिश की गई। इससे एक दिन पहले प्रदर्शनकारियों ने पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मोहम्मद यूनुस के चटगांव स्थित पैतृक घर को भी आग के हवाले कर दिया था।
इन घटनाओं के बीच देश के कई हिस्सों में आगजनी, तोड़फोड़, वाहनों को जलाने और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच झड़पों की खबरें सामने आई हैं। सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने हिंसा के लिए अवामी लीग के नेताओं को जिम्मेदार ठहराते हुए उन पर देश के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया है।
विदेश राज्य मंत्री के घर के गेट पर आग लगाने की कोशिश
शुक्रवार सुबह सिलहट के दारियापारा इलाके में विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के आवास के मुख्य गेट पर आग लगाने की कोशिश की गई। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि हमलावरों ने पेट्रोल बम फेंका था। हालांकि, पुलिस के मुताबिक गेट पर कपड़े, कागज या पॉलिथीन जैसी ज्वलनशील सामग्री जलाकर आग लगाने की कोशिश की गई।
पुलिस ने बताया कि घटना में किसी के घायल होने या संपत्ति को बड़ा नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज जुटाए गए हैं।
एक दिन पहले यूनुस के पैतृक घर में लगी थी आग
इससे पहले बुधवार देर रात चटगांव में मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर के एक खाली कमरे में आग लगा दी गई थी। पुलिस गश्ती दल ने आग देखकर तुरंत उसे बुझा दिया। घटना में यूनुस के परिवार के सदस्य सुरक्षित रहे।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
PM बोले- देश के खिलाफ साजिश रच रहे लोग
प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अवामी लीग पर हिंसा फैलाने और देश के खिलाफ साजिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 16 साल तक सत्ता में रहने के बाद देश छोड़कर गए लोग अब सीमा पार से बांग्लादेश के खिलाफ गतिविधियां कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग अपने आका को खुश करने के लिए देश में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। तारिक रहमान ने किसी देश का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को भारत की ओर इशारे के तौर पर देखा जा रहा है।
अवामी लीग के बंद के दौरान कई जिलों में आगजनी
शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने 19 नवंबर को देशव्यापी बंद का ऐलान किया था। पार्टी ने हसीना की वापसी की मांग को लेकर पहले कई दिनों तक प्रदर्शन और रैलियां की थीं।
बंद के दौरान दक्षिणी बांग्लादेश के कई इलाकों में तनाव देखने को मिला। गोपालगंज में राजनीतिक नेताओं के घरों और सार्वजनिक संपत्तियों को निशाना बनाया गया। पुलिस के मुताबिक, बसों और पिकअप वाहनों में आग लगाई गई। ढाका-चटगांव हाईवे पर भी एक बस और ट्रक को आग के हवाले कर दिया गया। हालांकि, बस में सवार यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए।
107 संदिग्ध गिरफ्तार, सात जिलों में सुरक्षा बल तैनात
हिंसा की घटनाओं को देखते हुए सरकार ने सुरक्षा बढ़ा दी है। बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश की 97 टुकड़ियों को सात जिलों में तैनात किया गया है। इनमें ढाका, चटगांव, गोपालगंज और फरीदपुर जैसे इलाके शामिल हैं।
वहीं, ढाका पुलिस ने 24 घंटे के भीतर अवामी लीग से कथित संबंध रखने वाले 107 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में पूर्व शिक्षा मंत्री नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। पुलिस हिंसा और आगजनी की घटनाओं की जांच कर रही है।
दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की तैयारी में शेख हसीना
शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद सत्ता से बेदखल होने पर बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। तब से वह भारत में रह रही हैं। हालिया बयानों में उन्होंने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है।
हसीना की वापसी की चर्चाओं और अवामी लीग पर प्रतिबंध के बीच देश में राजनीतिक तनाव बढ़ा है। बांग्लादेश सरकार और अवामी लीग के बीच टकराव का असर सड़कों पर भी दिखाई दे रहा है।
प्रत्यर्पण को लेकर भारत-बांग्लादेश के रिश्तों पर असर
शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव बना हुआ है। बांग्लादेश की ओर से उनकी वापसी की मांग की जाती रही है, जबकि हसीना फिलहाल भारत में हैं।
इस राजनीतिक विवाद के बीच दोनों देशों के संबंधों पर भी नजर रखी जा रही है। बांग्लादेश में जारी हिंसा और शेख हसीना की संभावित वापसी आने वाले दिनों में वहां की राजनीति के लिए अहम मुद्दे बने रह सकते हैं।








