भोपाल में नरसिंहपुर के किसानों का प्रदर्शन, गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने की मांग
नरसिंहपुर के करीब 700 किसान प्रतीक शर्मा के नेतृत्व में भोपाल पहुंचे। गन्ने का भाव 600 रुपए प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर दोपहर 1 बजे प्रदर्शन की तैयारी है।

Narsinghpur News: नरसिंहपुर गन्ने का उचित मूल्य दिलाने की मांग को लेकर नरसिंहपुर के किसानों का आंदोलन अब राजधानी भोपाल तक पहुंच गया है। गन्ने का भाव 600 रुपए प्रति क्विंटल किए जाने की मांग पर अड़े सैकड़ों किसान सोमवार को भोपाल के लिए रवाना हुए। किसान नेता प्रतीक शर्मा के नेतृत्व में करीब 700 किसानों के राजधानी पहुंचने की बात कही जा रही है। यहां दोपहर 1 बजे रानी कमलापति रेलवे स्टेशन और हबीबगंज नाका क्षेत्र में शक्ति प्रदर्शन कर सरकार तक अपनी मांग पहुंचाने की तैयारी है।
किसानों का कहना है कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन गन्ने का खरीद मूल्य उस अनुपात में नहीं बढ़ाया जा रहा। इसी वजह से जिले में लंबे समय से गन्ने के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किए जा रहे हैं। अब किसान राजधानी में आंदोलन कर सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग करेंगे।
गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने की मांग
गन्ने की कीमत को लेकर किसानों और शुगर मिल संचालकों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। किसान संगठनों की मांग है कि गन्ने का मूल्य 600 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया जाए। वहीं, मिल संचालक 450 रुपए प्रति क्विंटल से अधिक भुगतान करने को तैयार नहीं हैं।
19 नवंबर को कलेक्ट्रेट में प्रशासन की मध्यस्थता में किसान प्रतिनिधियों और मिल संचालकों के बीच बैठक हुई थी। करीब दो घंटे चली बातचीत में किसानों ने 600 रुपए प्रति क्विंटल की मांग रखी, लेकिन दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। बैठक बेनतीजा रहने के बाद किसान संगठनों ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया था।
नरसिंहपुर में भी लगातार प्रदर्शन कर रहे किसान
गन्ने के उचित मूल्य और बकाया भुगतान की मांग को लेकर नरसिंहपुर में किसान करीब एक महीने से आंदोलन कर रहे हैं। किसान संगठनों ने धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन और अन्य विरोध कार्यक्रमों के जरिए अपनी मांग प्रशासन तक पहुंचाई है।
21 नवंबर को संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर नरसिंहपुर में बाजार बंद भी कराया गया था। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बाजार बंद रहा। व्यापारियों ने भी किसानों के आंदोलन को समर्थन दिया। इसके बावजूद मांगों पर ठोस सहमति नहीं बनने से किसानों की नाराजगी बनी हुई है।
राजधानी में प्रदर्शन कर सरकार तक पहुंचाएंगे आवाज
अब किसान जिले से बाहर निकलकर राजधानी में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतीक शर्मा के नेतृत्व में हो रहे इस आंदोलन में बड़ी संख्या में किसानों के शामिल होने की तैयारी है। किसानों का उद्देश्य सरकार का ध्यान गन्ने की कीमत और भुगतान से जुड़े मुद्दों की ओर खींचना है।
किसानों का कहना है कि जब तक गन्ने का उचित मूल्य तय नहीं किया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। अब सबकी नजर भोपाल में होने वाले प्रदर्शन और सरकार की ओर से मिलने वाले जवाब पर है।







