न जबलपुर में घर, न नौकरी...फिर आधार में कैसे आया यहां का पता? ATS की पूछताछ में अफगानियों ने उगले राज
जबलपुर में कभी रहे तक नहीं, लेकिन आधार कार्ड में यहीं का पता दर्ज करा लिया। कोलकाता से गिरफ्तार तीन अफगानी नागरिकों के फर्जी दस्तावेजों की जांच में ATS ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।


Jabalpur News: मध्य प्रदेश एटीएस की जांच में फर्जी पासपोर्ट मामले को लेकर नए खुलासे हुए हैं। कोलकाता से गिरफ्तार किए गए तीन अफगानी नागरिकों के आधार कार्ड में जबलपुर के फर्जी पते दर्ज कराए गए थे, जबकि तीनों आरोपी कभी जबलपुर में रहे ही नहीं थे। जांच में सामने आया है कि यह पूरा काम सोहबत खान के जरिए कराया गया था। उसी ने कथित तौर पर आधार कार्ड में पते से जुड़ी जानकारी में हेरफेर करवाई और इन दस्तावेजों के आधार पर दमोह से पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया शुरू कराई।
कोलकाता में बने आधार कार्ड में दर्ज कराया जबलपुर का पता
जांच में सामने आया है कि असलम खान, अब्दुल बारी और अयूब खान के आधार कार्ड कोलकाता में बने थे। आरोप है कि सोहबत खान ने इन दस्तावेजों में टेंपरिंग कर जबलपुर के फर्जी पते दर्ज करवाए। जबकि तीनों अफगानी नागरिकों का जबलपुर से कोई वास्तविक निवास या कामकाज का संबंध सामने नहीं आया है।
इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर तीनों के दमोह से पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदन कराए गए थे। एटीएस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी पते दर्ज कराने से लेकर पासपोर्ट आवेदन तक की प्रक्रिया में किन लोगों ने मदद की।
OTP वेरिफिकेशन में भी नहीं पकड़ी गई गड़बड़ी
जांच के दौरान आधार वेरिफिकेशन की प्रक्रिया भी सामने आई है। पासपोर्ट आवेदन के दौरान दस्तावेजों के सत्यापन के लिए मोबाइल पर आने वाले OTP का इस्तेमाल किया गया था। बताया जा रहा है कि संबंधित अधिकारियों को OTP उपलब्ध करा दिया गया, जिससे प्रक्रिया आगे बढ़ गई। शुरुआती स्तर पर फर्जी पते को लेकर संदेह सामने नहीं आया।
अब एटीएस यह जांच कर रही है कि दस्तावेजों में दर्ज पते का वास्तविक सत्यापन किस स्तर पर हुआ और फर्जी जानकारी के बावजूद आवेदन प्रक्रिया कैसे आगे बढ़ी।
सोहबत खान के जरिए तैयार हुए कूटरचित दस्तावेज
गुरुवार, 19 नवंबर को एटीएस ने फर्जी पासपोर्ट मामले में कोलकाता से असलम खान, अब्दुल बारी और अयूब खान को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया कि तीनों ने कथित तौर पर सोहबत खान के जरिए कूटरचित दस्तावेज तैयार करवाए थे।
एटीएस अब सोहबत खान की भूमिका और उसके संपर्कों की जांच कर रही है। एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कराने के बदले किसी तरह का लेन-देन हुआ था या नहीं और इस नेटवर्क में अन्य कितने लोग शामिल हैं।
टाइमलाइन खंगाल रही ATS
जांच एजेंसी तीनों अफगानी नागरिकों के भारत आने की वजह, उनके यहां रहने की अवधि और अलग-अलग शहरों में उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वे किस तारीख और किस वर्ष जबलपुर आए थे, यहां किन लोगों से मिले और कहां ठहरे थे। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि जबलपुर में कभी नहीं रहने के बावजूद उनके आधार कार्ड में यहां का पता कैसे दर्ज हो गया।
23 नवंबर तक रिमांड पर तीनों आरोपी
कोलकाता से गिरफ्तार असलम खान, अब्दुल बारी और अयूब खान को पूछताछ के लिए 23 नवंबर तक रिमांड पर लिया गया है। एटीएस इस दौरान उनसे दस्तावेज तैयार कराने, सोहबत खान से संपर्क और पासपोर्ट आवेदन से जुड़े सवालों के जवाब हासिल करेगी। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ में फर्जी पासपोर्ट नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और उसकी पूरी कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी मिल सकती है।






