एशिया में तीसरी सबसे बड़ी ताकत बना भारत, पावर स्कोर बढ़कर 40.5 अंक हुआ; पीएम मोदी का भी बढ़ा कद
लोवी इंस्टीट्यूट की एशिया पावर इंडेक्स 2026 रिपोर्ट में भारत 40.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। आसूची में अमेरिका पहले और चीन दूसरे नंबर पर हैं।


Asia Power Index 2026: एशिया में भारत का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट की एशिया पावर इंडेक्स 2026 रिपोर्ट में भारत को क्षेत्र की तीसरी सबसे बड़ी शक्ति बताया गया है। भारत का कुल पावर स्कोर बढ़कर 40.5 अंक हो गया है। इस सूची में अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले और चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। जापान 38.6 अंकों के साथ चौथे और रूस 32.2 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है।
रिपोर्ट के मुताबिक, आर्थिक क्षमता में मामूली गिरावट के बावजूद भारत ने रक्षा नेटवर्क, सांस्कृतिक प्रभाव और क्षेत्रीय आर्थिक संबंधों के मामले में सुधार किया है। चीन और भारत के बीच कुल शक्ति का अंतर भी 2018 में इंडेक्स शुरू होने के बाद सबसे कम स्तर पर पहुंचा है। हालांकि, चीन की कुल शक्ति अब भी भारत से करीब 80 फीसदी अधिक है।
आर्थिक क्षमता में गिरावट, फिर भी तीसरे स्थान पर भारत
रिपोर्ट के अनुसार, भारत की आर्थिक क्षमता का स्कोर घटकर 26.4 अंक रह गया है। इसके बावजूद इस श्रेणी में भारत तीसरे स्थान पर बना हुआ है। लोवी इंस्टीट्यूट ने इस गिरावट के पीछे रुपए की कमजोरी और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की ओर से अर्थव्यवस्थाओं के आकलन की पद्धति में किए गए बदलाव को प्रमुख वजह बताया है।
इसके अलावा विदेशों में भारत के निवेश में करीब 20 अरब डॉलर की कमी का भी असर पड़ा। हालांकि, भविष्य के संसाधनों के मामले में भारत का प्रदर्शन बेहतर रहा। इस श्रेणी में देश का स्कोर बढ़कर 56.2 अंक हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक, बेहतर आर्थिक अनुमान और भविष्य में उपलब्ध अवसरों ने भारत की संभावनाओं को मजबूती दी है।
कूटनीतिक प्रभाव सबसे मजबूत
भारत के लिए कूटनीतिक प्रभाव सबसे मजबूत क्षेत्रों में शामिल रहा। इस श्रेणी में देश को 70.3 अंक मिले और वह चौथे स्थान पर रहा। रिपोर्ट के मुताबिक, वैश्विक और क्षेत्रीय परिस्थितियों के बीच भारत का कूटनीतिक प्रभाव काफी हद तक स्थिर बना रहा।
वहीं, आर्थिक संबंधों के मामले में भारत ने दो स्थान की बढ़त दर्ज की और सातवें नंबर पर पहुंच गया। क्षेत्रीय व्यापार और निवेश संबंधों में स्थिरता से भारत को फायदा मिला। रिपोर्ट के अनुसार, 2026 में जिन पांच देशों के आर्थिक संबंधों के स्कोर में गिरावट नहीं आई, उनमें भारत भी शामिल रहा।
पीएम मोदी बने दूसरे सबसे प्रभावशाली क्षेत्रीय नेता
प्रतिष्ठित थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट की ओर से जारी की गई इस रिपोर्ट में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरे सबसे प्रभावशाली क्षेत्रीय नेता के तौर पर जगह दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार- विशेषज्ञों ने पीएम मोदी को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद एशिया का दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता माना है।
रक्षा नेटवर्क और सांस्कृतिक प्रभाव में सुधार
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत का रक्षा नेटवर्क स्कोर बढ़कर 18.6 अंक हो गया है। इस श्रेणी में भारत दो स्थान ऊपर चढ़कर नौवें नंबर पर पहुंचा है। दक्षिण-पूर्व एशिया में रक्षा सहयोग बढ़ने और ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री से भारत के प्रदर्शन को मजबूती मिली।
वहीं, सांस्कृतिक प्रभाव के मामले में भारत का स्कोर बढ़कर 43.8 अंक हो गया। इस श्रेणी में भारत चौथे स्थान पर रहा। संस्कृति के प्रसार, सूचना के आदान-प्रदान और लोगों के बीच संपर्क जैसे तीनों क्षेत्रों में सुधार दर्ज किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 में भारत के सांस्कृतिक प्रभाव के स्कोर में 2.3 अंकों की बढ़ोतरी हुई।
चीन अब भी भारत से करीब 80 फीसदी ज्यादा शक्तिशाली
एशिया पावर इंडेक्स 2026 में अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले, चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे और भारत 40.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। जापान और रूस क्रमशः चौथे और पांचवें नंबर पर हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, चीन की कुल शक्ति भारत से करीब 80 फीसदी अधिक है। हालांकि, दोनों देशों के बीच शक्ति का अंतर 2018 में इंडेक्स शुरू होने के बाद सबसे कम स्तर पर पहुंच गया है। इसका मतलब है कि भारत की स्थिति में सुधार हुआ है, लेकिन चीन और अमेरिका की तुलना में उसकी कुल शक्ति का अंतर अब भी काफी बड़ा है।
27 देशों और क्षेत्रों का किया गया आकलन
लोवी इंस्टीट्यूट की एशिया पावर इंडेक्स रिपोर्ट में 27 देशों और क्षेत्रों का आकलन किया जाता है। इसमें 131 संकेतकों के आधार पर शक्ति के आठ प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इनमें आर्थिक क्षमता, सैन्य क्षमता, लचीलापन, भविष्य के संसाधन, आर्थिक संबंध, रक्षा नेटवर्क, कूटनीतिक प्रभाव और सांस्कृतिक प्रभाव शामिल हैं।










