रेलवे में नहीं बन पाया TTE...तो फर्जी टीटीई बनकर चेक करने लगा टिकट, RPF ने पकड़ा
काशी एक्सप्रेस में फर्जी TTE बनकर यात्रियों के टिकट चेक कर रहा एक युवक RPF के हत्थे चढ़ गया।

Jabalpur News: रेलवे में टीटीई बनने का सपना पूरा नहीं हुआ तो एक युवक ने ट्रेन में ही खुद को टीटीई बताकर यात्रियों के टिकट जांचना शुरू कर दिया। मामला जबलपुर से इटारसी के बीच चलने वाली काशी एक्सप्रेस का है। यहां एक युवक आधी रात को जनरल कोच में यात्रियों को नींद से जगाकर टिकट मांग रहा था। टिकट नहीं दिखाने पर उन्हें अगले स्टेशन पर उतारने की धमकी भी दे रहा था।
यात्रियों को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ तो उन्होंने ट्रेन में तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की एस्कॉर्ट टीम को सूचना दी। टीम ने पिपरिया स्टेशन के पास कार्रवाई करते हुए युवक को पकड़ लिया। उसकी पहचान अनिल कुमार महोबिया के रूप में हुई है। उसके पास रेलवे का कोई पहचान पत्र या ड्यूटी से जुड़ा दस्तावेज नहीं मिला।
यात्रियों ने RPF की एस्कॉर्ट टीम को दी सूचना
घटना 19 और 20 नवंबर की दरमियानी रात ट्रेन नंबर 15018 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस काशी एक्सप्रेस की है। जबलपुर से इटारसी तक यात्रियों की सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम के लिए RPF की एस्कॉर्ट टीम तैनात थी।
रात करीब 2:10 बजे पिपरिया स्टेशन के पास यात्रियों ने टीम को बताया कि एक व्यक्ति खुद को टीटीई बताकर टिकट चेक कर रहा है। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल राजवीर और कांस्टेबल मुकेश कुमार संबंधित कोच में पहुंचे और संदिग्ध को पकड़ लिया।
सोते यात्रियों को जगाकर मांग रहा था टिकट
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह करेली स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था। कोच में मौजूद यात्रियों ने RPF को बताया कि वह उन्हें नींद से जगाकर टिकट दिखाने के लिए कह रहा था। जिन यात्रियों के पास टिकट नहीं था, उन्हें अगले स्टेशन पर उतारने की धमकी भी दे रहा था।
जांच के दौरान आरोपी के पास रेलवे का कोई वैध पहचान पत्र या ड्यूटी से संबंधित दस्तावेज नहीं मिला। इससे उसके टीटीई होने का दावा संदिग्ध पाया गया। यात्रियों की समय रहते दी गई सूचना से संभावित ठगी की कोशिश सामने आ गई।
नरसिंहपुर का रहने वाला है आरोपी, GRP को सौंपा
RPF ने मामले की जानकारी जबलपुर मुख्यालय को दी। इसके बाद आरोपी को इटारसी में RPF पोस्ट और GRP के समक्ष पेश किया गया। क्षेत्राधिकार स्पष्ट होने के बाद उसे आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए GRP थाना गाडरवारा के सुपुर्द कर दिया गया।
आरोपी अनिल कुमार महोबिया नरसिंहपुर जिले के बरमान कलां की शारदा कॉलोनी का निवासी बताया गया है। वहीं, संदिग्ध को पकड़ने में तत्परता दिखाने वाले हेड कांस्टेबल राजवीर और कांस्टेबल मुकेश कुमार को रेलवे की ओर से पुरस्कृत करने की अनुशंसा की गई है।
रेलवे यात्रियों से अपील करता है कि टिकट जांच के दौरान किसी कर्मचारी की पहचान को लेकर संदेह होने पर उसकी आधिकारिक पहचान की पुष्टि करें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना रेलवे सुरक्षा बल को दें।







