भोपाल उत्सव मेले में दिखेगी संस्कृति और मनोरंजन की झलक, CM मोहन यादव ने किया उद्घाटन
भोपाल में 34वां उत्सव मेला शुरू हो गया है। CM मोहन यादव ने इसे सामाजिक मेलजोल, सांस्कृतिक पहचान और सद्भाव बढ़ाने वाला आयोजन बताया।

भोपाल के टीटी नगर स्थित दशहरा मैदान में रविवार को 34वें भोपाल उत्सव मेले का आगाज हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भोपाल की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। करीब 45 दिनों तक चलने वाले मेले में मनोरंजन, खरीदारी और खानपान के साथ लोगों को आपसी मेलजोल का अवसर भी मिलेगा। उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीगणेश के मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
सामाजिक सद्भाव बढ़ाने में मेले की भूमिका
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भोपाल उत्सव मेले की शुरुआत रमेश अग्रवाल, मनमोहन अग्रवाल और सुधीर अग्रवाल ने की थी। वर्षों से जारी यह आयोजन अब शहर की पहचान का हिस्सा बन गया है। उन्होंने कहा कि मेले में अलग-अलग समुदायों और वर्गों के लोग एक जगह जुटते हैं। इससे सामाजिक प्रेम, आपसी संपर्क और सद्भाव मजबूत होता है। ऐसे आयोजन व्यापार और व्यवसाय को भी आगे बढ़ाने में मदद करते हैं। मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति के प्रयासों की तारीफ की और शहरवासियों को शुभकामनाएं दीं।
वॉटरफॉल थीम के साथ कई आकर्षक राइड्स
मेला समिति के महामंत्री सुनील जैनाविन के मुताबिक, इस बार मेले में नियाग्रा वॉटरफॉल थीम पर विशेष सजावट की गई है। युवाओं के लिए रोमांचक झूले और बच्चों के लिए अलग-अलग राइड्स लगाई गई हैं। खाने-पीने के शौकीनों को देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद मिलेगा। इसके साथ ही हस्तशिल्प, परिधान, घरेलू सामान और अन्य उत्पादों की दुकानें भी लगाई गई हैं।
पांच विशिष्ट नागरिकों को मिला सम्मान
उद्घाटन समारोह में विधायक भगवानदास सबनानी ने पांच प्रतिष्ठित नागरिकों को सम्मानित किया। इनमें सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय बैरागढ़ के अध्यक्ष हीरो ज्ञानचंदानी, श्री दिगंबर जैन पंचायत कमेटी ट्रस्ट भोपाल के अध्यक्ष पंकज जैन सुपारी, बैरागढ़ व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष कन्हैयालाल इसरानी, समग्र अग्रवाल समाज के अध्यक्ष सुनील गर्ग और रोटरी क्लब भोपाल हिल्स के अध्यक्ष रोटेरियन अनिल कुमार गुप्ता शामिल रहे।
समारोह में कई जनप्रतिनिधि हुए शामिल
कार्यक्रम में विधायक भगवानदास सबनानी, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, पार्षद आरती अनेजा और ऊषा खरे मौजूद रहे। मेला समिति के अध्यक्ष मनमोहन अग्रवाल के साथ अशोक गुप्ता, सुनील जैनाविन, अजय सोगानी और अनुपम अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी भी शामिल हुए। शहर के सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।







