जबलपुर: दीपावली पर जज के सूने मकान में चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार; तीसरा फरार
दीपावली की छुट्टियों में जबलपुर में चोरों ने जज के सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों के जेवर और चांदी की भगवान शिव की मूर्ति चोरी कर ली। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Jabalpur News: जबलपुर में दीपावली की छुट्टियों के दौरान चोरों ने एक जज के सूने मकान को निशाना बना लिया। 10 नवंबर की रात प्रियदर्शनी कॉलोनी स्थित मकान में घुसे तीन आरोपियों ने ताले तोड़कर चांदी की भगवान शिव की मूर्ति और चांदी के जेवर चोरी कर लिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
खमरिया थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई मूर्ति और जेवर भी बरामद कर लिए हैं। वहीं, वारदात में शामिल तीसरा आरोपी अब भी फरार है।
ताले तोड़कर घर में दाखिल हुए थे आरोपी
जानकारी के मुताबिक, जबलपुर में पदस्थ जज दीपावली की छुट्टियों में अपने परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। इसी दौरान 10 नवंबर की रात तीन चोरों ने प्रियदर्शनी कॉलोनी स्थित उनके सूने मकान को निशाना बनाया। आरोपियों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अंदर रखी अलमारी का लॉकर भी तोड़ दिया।
इसके बाद चोर घर में रखी भगवान शिव की चांदी की मूर्ति, एक जोड़ी चांदी की पायल और एक जोड़ी बिछिया लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से मिली आरोपियों की पहचान
चोरी की वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष भारद्वाज के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक सतीश साहू के मार्गदर्शन में टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सुमित दहिया निवासी पनागर और किशन कुशवाहा निवासी गोहलपुर को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के पास से चोरी का सामान बरामद
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने दीपावली की रात चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर भगवान शिव की चांदी की मूर्ति, एक जोड़ी पायल और एक जोड़ी बिछिया बरामद की गई है।
इस मामले में शामिल तीसरा आरोपी गोपी उर्फ गुलफाम निवासी गोहलपुर अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
एएसपी मनीष भारद्वाज ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के साथ फरार तीसरे आरोपी का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। पुलिस शहर के अलग-अलग थानों से तीनों के खिलाफ दर्ज पुराने मामलों की जानकारी जुटा रही है। इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







