MP में युवाओं, किसानों और गांवों के लिए सरकार के बड़े फैसले, कैबिनेट ने इन प्रस्तावों को दी मंजूरी
MP कैबिनेट ने युवा वर्ष 2027, सहकारी बैंकों के लिए 325 करोड़ रुपये और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली विस्तार समेत कई फैसलों को मंजूरी दी।

भोपाल। मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। सरकार ने सहकारी समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल टालने के साथ नौ बैंकों को 325 करोड़ रुपये की अंश पूंजी देने का निर्णय लिया। बैठक में 2027 को युवा वर्ष घोषित करने, ग्रामीण इलाकों में बिजली पहुंचाने और खनिज राजस्व बढ़ाने की योजनाओं पर भी मुहर लगी। एमएसएमई मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने बैठक के फैसलों की जानकारी दी।
सहकारी बैंकों को मजबूत करने के लिए पूंजी
कैबिनेट के निर्णय के मुताबिक, नौ जिला सहकारी बैंकों को कुल 325 करोड़ रुपये की अंश पूंजी उपलब्ध कराई जाएगी। रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के नए जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये मिलेंगे। पैक्स समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव भी एक साल के लिए स्थगित किए गए हैं। सरकार का कहना है कि समितियों के गठन और परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव कराए जाएंगे। पैक्स प्रतिनिधि जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में मतदाता होते हैं, इसलिए दोनों चुनावों को एक साथ आगे बढ़ाया गया है।
युवाओं के लिए 2027 को समर्पित करेगी सरकार
प्रदेश सरकार ने वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने का फैसला किया है। इसके तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं और रोजगार के अवसर तलाश रहे युवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षाएं साल में दो बार कराने की तैयारी है। इसके लिए परीक्षा कैलेंडर भी जारी किया गया है। खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए भोपाल के नाथू बरखेड़ा में अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जा रहा है। इसके पहले चरण का उद्घाटन हो चुका है और परियोजना पर करीब एक हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
गांवों के 46,500 घरों को मिलेगी बिजली
ग्रामीण बस्तियों में बिजली पहुंचाने के लिए 193 करोड़ रुपये की योजना मंजूर की गई है। इसके तहत 20 से अधिक घरों वाली 1,834 बसाहटों के लगभग 46,500 घरों तक बिजली पहुंचाई जाएगी। योजना का खर्च केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उठाएंगी। 20 से कम घरों वाली छोटी बस्तियों और मोहल्लों में बिजली पहुंचाने का काम राज्य सरकार अपने स्तर पर करेगी।
खनिज राजस्व बढ़ाने के लिए नया सर्वे
सरकार ने खनिजों से होने वाली आय को मौजूदा करीब 12,170 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपये सालाना करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में खनिज संसाधनों का नए सिरे से सर्वे कराया जाएगा। खनिज निगम पुराने रिकॉर्ड और उपलब्ध आंकड़ों की समीक्षा करेगा तथा नई खदानों की संभावनाएं तलाशेगा। इस प्रक्रिया पर हर साल 70 से 80 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
एकात्म धाम और जनजातीय कैफेटेरिया को मंजूरी
ओंकारेश्वर में विकसित हो रही करीब 2,424 करोड़ रुपये की एकात्म धाम परियोजना को आगे जारी रखने की मंजूरी दी गई है। इसके प्रमुख कार्य आगामी सिंहस्थ से पहले पूरे करने का लक्ष्य है। साथ ही मांडू, कान्हा-किसली और पेंच में जनजातीय कैफेटेरिया बनाए जाएंगे। यहां आने वाले पर्यटकों को स्थानीय भोजन और जनजातीय खानपान की परंपराओं से परिचित कराया जाएगा।
पारंपरिक आदिवासी उत्पादों के लिए जीआई टैग
प्रदेश की जनजातीय कला और परंपराओं को व्यापक पहचान दिलाने के लिए कुछ उत्पादों के जीआई टैग के आवेदन भेजे गए हैं। इनमें भील जनजाति की माला, बोलनी, पिथोरा चित्रशैली, झाबुआ की आदिवासी गुड़िया और गोंड जनजाति के पारंपरिक वाद्य यंत्र शामिल हैं।
दिसंबर में विकास की रणनीति पर मंथन
सरकार दिसंबर में दो चिंतन शिविर आयोजित करेगी। 2 दिसंबर को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पहला शिविर होगा। इसमें आठ सत्रों के जरिए प्रदेश के विकास और 2047 तक विकसित मध्य प्रदेश बनाने की रणनीति पर चर्चा होगी। 21 और 22 दिसंबर को मंत्रियों और विधायकों का दूसरा शिविर भोपाल से बाहर आयोजित किया जाएगा। इसमें आगामी दो वर्षों की प्राथमिकताओं और कार्ययोजना पर विचार होगा।
विधानसभा का शीतकालीन सत्र 7 दिसंबर से
मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 7 से 11 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान अनुपूरक बजट और शासकीय संकल्प सदन में रखे जाएंगे। बैठक में यह भी बताया गया कि स्वामित्व योजना के तहत 26 लाख रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं। ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ा काम आगे बढ़ रहा है। वहीं, प्रदेश में चीतों की संख्या 62 तक पहुंच गई है, जिनमें 43 भारत में जन्मे हैं।







