कटनी: 32 ट्रकों में लदा 4 करोड़ का सरकारी चावल गायब, एक साल बाद जागा विभाग; परिवहनकर्ता को नोटिस
गरीबों को बांटे जाने वाले सरकारी राशन की सप्लाई में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। कटनी से तीन जिलों के लिए रवाना किए गए 10,975.29 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल का अब तक कोई पता नहीं है।


Katni Rice Missing Case: कटनी में सरकारी राशन के लिए भेजे गए फोर्टिफाइड चावल की बड़ी खेप गायब होने का मामला सामने आया है। फरवरी 2025 में कटनी से इंदौर, हरदा और नीमच के लिए रवाना किया गया 10,975.29 क्विंटल चावल अब तक संबंधित जिलों के गोदामों तक नहीं पहुंचा है। इस खेप की कीमत 4 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
मामले में नागरिक आपूर्ति निगम ने परिवहनकर्ता को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है। जांच पूरी होने तक उसके लंबित भुगतान पर रोक लगा दी गई है। विभाग का कहना है कि जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
32 ट्रकों में भेजा गया था 10,975 क्विंटल चावल
विभागीय जानकारी के मुताबिक, फरवरी 2025 में कटनी जिले के एसडब्ल्यूसी और सीडब्ल्यूसी के बड़वारा, कटनी, विजयराघवगढ़ और स्लीमनाबाद स्थित गोदामों से कुल 10,975.29 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल रवाना किया गया था। इस खेप को 32 ट्रकों के जरिए दूसरे जिलों तक पहुंचाया जाना था।
ट्रकों में से 8 इंदौर, 14 हरदा और 10 नीमच के लिए भेजे गए थे। आरोप है कि चावल लोड करने के बाद ये वाहन निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचे। नतीजतन, सरकारी गोदामों में चावल की खेप जमा नहीं हुई और उसका कोई रिकॉर्ड भी संबंधित ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज नहीं हो सका।
तीन जिलों के पत्र से सामने आया मामला
इंदौर, हरदा और नीमच के गोदामों में चावल नहीं पहुंचने पर वहां के अधिकारियों ने नागरिक आपूर्ति निगम को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी। तीनों जिलों से लगातार पत्राचार होने के बाद विभाग के सामने पूरी खेप गायब होने का मामला आया।
इसके बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चावल की यह खेप ऑनलाइन पोर्टल पर भी दर्ज नहीं हुई थी। ऐसे में अब जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ट्रकों में लोड होने के बाद चावल कहां गया और निर्धारित गोदामों तक क्यों नहीं पहुंचा।
परिवहनकर्ता को नोटिस, भुगतान पर रोक
नागरिक आपूर्ति निगम ने सतना निवासी परिवहनकर्ता भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के संचालक किशन केशरवानी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उनसे तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है कि गोदामों से रवाना किया गया चावल संबंधित जिलों तक क्यों नहीं पहुंचा।
विभाग ने जांच पूरी होने तक परिवहनकर्ता के सभी लंबित भुगतानों पर रोक लगा दी है। अधिकारियों का कहना है कि जवाब और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एक साल बाद कार्रवाई शुरू होने पर उठे सवाल
फरवरी 2025 में रवाना की गई चावल की खेप का अब तक पता नहीं चलना और करीब एक साल बाद औपचारिक कार्रवाई शुरू होना कई सवाल खड़े कर रहा है। इतने बड़े खाद्यान्न परिवहन के दौरान निगरानी और सत्यापन की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
जिला प्रबंधक रविकांत ठाकुर के मुताबिक, मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। फिलहाल विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि चावल की खेप कहां गायब हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।


