CM Hospital Inauguration: CM मोहन यादव ने इंदौर को दी 300 बेड के आधुनिक जिला अस्पताल की सौगात
CM Hospital Inauguration: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में 83 करोड़ रुपये की लागत से बने 300 बिस्तरों वाले आधुनिक जिला अस्पताल का लोकार्पण किया।
CM Hospital Inauguration: इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर को स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात देते हुए 300 बिस्तरों वाले नए जिला अस्पताल का लोकार्पण किया। करीब 83 करोड़ रुपये की लागत से बने इस अत्याधुनिक अस्पताल में मरीजों को एक ही जगह कई आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ नए भवन बनाना नहीं, बल्कि लोगों को बेहतर इलाज और बेहतर सुविधाएं देना है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया जिला अस्पताल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नया जिला अस्पताल इंदौर ही नहीं, आसपास के जिलों के मरीजों के लिए भी काफी मददगार साबित होगा। अस्पताल में ओपीडी, मेडिसिन, सर्जरी, महिला एवं प्रसूति वार्ड, बच्चों के इलाज की सुविधा, डायलिसिस यूनिट, पैथोलॉजी लैब, डिजिटल एक्स-रे, सीटी स्कैन, एमआरआई और सोनोग्राफी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इनमें से कई सेवाएं शुरू भी हो चुकी हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से आगे बढ़ रहा मध्य प्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। उन्होंने बताया कि पहले मध्य प्रदेश में सिर्फ 5 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 33 हो गई है। आने वाले समय में प्रदेश में 52 मेडिकल कॉलेज होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जो छात्र नीट पास करने के बाद निजी मेडिकल कॉलेज में पढ़ना चाहते हैं, उनकी फीस देने में भी राज्य सरकार मदद करेगी।
इंदौर के विकास के लिए कई बड़े फैसले
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर के विकास के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने चंदन नगर से एयरपोर्ट रोड के निर्माण को मंजूरी देने की घोषणा भी की। साथ ही कहा कि इंदौर से अबूधाबी के लिए शुरू हुई सीधी उड़ान प्रदेश में बढ़ती विमानन सुविधाओं का बड़ा उदाहरण है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समान नागरिक संहिता (UCC) का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस विषय पर प्रदेशभर में लोगों से सुझाव लिए हैं और 10 लाख से ज्यादा सुझाव समिति को मिले हैं। अब विधानसभा के मानसून सत्र में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने की दिशा में काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और युवाओं के लिए लगातार नई योजनाओं पर काम कर रही है। किसानों की आय बढ़ाने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने के उद्देश्य से कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।
