पंजाब चुनाव से पहले BJP-अकाली दल की बड़ी तैयारी, शाह ने CM पद पर किया ऐलान
पंजाब चुनाव से पहले भाजपा और अकाली दल फिर साथ आ गए हैं। अमित शाह ने अकाली दल के मुख्यमंत्री बनने की बात कही।

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने अपनी पुरानी साझेदारी फिर बहाल कर दी है। करीब छह साल बाद दोनों पार्टियां एक साथ चुनाव लड़ेंगी। दिल्ली में हुई संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गठबंधन की घोषणा करते हुए कहा कि जीत मिलने पर मुख्यमंत्री अकाली दल का नेता होगा। अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने इसे भावनात्मक रिश्ता बताया।
गठबंधन में अकाली दल को मिलेगी प्रमुख भूमिका
अमित शाह ने साफ किया कि पंजाब में भाजपा और अकाली दल मिलकर चुनाव मैदान में उतरेंगे। गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका निभाएगा। शाह के मुताबिक, चुनाव जीतने पर मुख्यमंत्री भी अकाली दल से होगा। फिलहाल दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत आगे की जाएगी।
छह साल बाद फिर साथ आए दोनों दल
भाजपा और अकाली दल का गठबंधन सितंबर 2020 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर टूट गया था। इससे पहले दोनों पार्टियों का करीब 24 साल पुराना राजनीतिक साथ रहा था। इस साझेदारी के तहत 1997, 2007 और 2012 में पंजाब में गठबंधन सरकार बनी। अलग होने के बाद दोनों दलों ने 2022 का विधानसभा चुनाव अपने-अपने दम पर लड़ा था।
सुखबीर बादल ने याद किया प्रकाश सिंह बादल का दौर
सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि भाजपा और अकाली दल का रिश्ता केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं है। उनके पिता प्रकाश सिंह बादल इसे नाखून और मांस जैसा संबंध बताते थे। सुखबीर ने अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के साथ प्रकाश सिंह बादल के पुराने संबंधों को याद किया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के साथ रहने के दौरान पंजाब में शांति और विकास का माहौल बना रहा।
मोगा में 8 दिसंबर को होगी संयुक्त रैली
अकाली दल अध्यक्ष ने बताया कि प्रकाश सिंह बादल की जयंती पर 8 दिसंबर को मोगा में रैली होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसमें शामिल होंगे। सुखबीर ने अपने पिता के सामाजिक योगदान और सभी धर्मों के लोगों को साथ लेकर चलने की बात कही। उन्होंने प्रधानमंत्री की ओर से पिता के निधन के समय भेजे गए पत्र को भी याद किया।
NDA की ताकत बढ़ने की उम्मीद
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने अकाली दल की एनडीए में वापसी का स्वागत किया। उन्होंने इसे पंजाब के विकास और हिंदू-सिख एकता के लिए महत्वपूर्ण बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी X पर गठबंधन की वापसी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि पंजाब और पंजाबियों का कल्याण दोनों दलों की प्राथमिकता है। पीएम ने पुराने नेताओं के समय बने इस रिश्ते को भी याद किया।
नशा और गैंगस्टरवाद के खिलाफ लड़ाई पर जोर
अमित शाह ने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या खत्म करना और गैंगस्टरवाद पर लगाम लगाना जरूरी है। उन्होंने कानून-व्यवस्था को गठबंधन की प्राथमिकताओं में शामिल बताया। सुखबीर बादल ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले दस साल में राज्य को नुकसान हुआ है। उन्होंने युवाओं, किसानों और कृषि क्षेत्र को बचाने की जरूरत पर जोर दिया।
पिछले विधानसभा चुनाव में मिले थे पांच सीटें
2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में दोनों दल अलग-अलग मैदान में उतरे थे। 117 सदस्यीय विधानसभा में अकाली दल को तीन और भाजपा को दो सीटों पर जीत मिली थी। अब दोनों पार्टियों ने गठबंधन की घोषणा कर दी है। सीटों के बंटवारे और साझा रणनीति पर फैसला आगे होना है।

.jpeg&w=3840&q=75)








